ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस की एक और बड़ी कार्यवाही, 16 गौवंश तस्करों के कब्जे से मुक्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में गौवंश संरक्षण एवं मवेशी तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में कल 17 फरवरी की शाम थाना लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमापाली से झगरपुर मार्ग होते हुए मवेशियों को ओडिशा बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा ग्राम झगरपुर के पास घेराबंदी कर मेन रोड पर मवेशी ले जा रहे एक युवक को पकड़ा गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम देवानंद यादव पिता मनधरो यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम आमापाली थाना लैलूंगा बताया। उसके कब्जे से 16 नग कृषक धन गौवंश बरामद किए गए। परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने रब्बुल खान नाम के मवेशी तस्कर के साथ मिलकर मवेशियों को ओडिशा बूचडख़ाने ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस द्वारा बरामद 16 गौवंश का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर उनके चारा-पानी की समुचित व्यवस्था के लिए सलखिया गौशाला भेजा गया है । प्रकरण में आरोपी देवानंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, वहीं आरोपी राहुल खान की पुलिस द्वारा सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में धारा 4, 6, 10, 11 छत्तीसगढ़ पशु परीक्षण अधिनियम अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
