Raigarh News

: धान खरीदी में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई,दो सहायक समिति प्रबंधक तत्काल प्रभाव से निलंबित, एक समिति प्रबंधक का वित्तीय प्रभार समाप्त और एक फड़ प्रभारी कार्य से पृथक

धान खरीदी में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई,दो सहायक समिति प्रबंधक तत्काल प्रभाव से निलंबित, एक समिति प्रबंधक का वित्तीय प्रभार समाप्त और एक फड़ प्रभारी कार्य से पृथक
सारंगढ़,
कलेक्टर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कड़े निर्देशों के परिपालन में, जिले में चल रही धान खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही और अनियमितता बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा आज अलग-अलग आदेश जारी कर चार कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्यवाही की गई है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त समितियों में शासन के निर्देशों की अवहेलना की जा रही थी, जैसे कि धान का ढाला पद्धति से परीक्षण न करना और सीधे बोरे से तौल करना। साथ ही, कुछ जगहों पर स्टॉक में भारी गड़बड़ी पाई गई।
कार्यवाही का विवरण इस प्रकार है:
सेवा सहकारी समिति लेंध्रा (पं.क्र. 106):
यहाँ के सहायक समिति प्रबंधक श्री राजकुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspended) कर दिया गया है। जाँच में पाया गया कि केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान 2145 नग धान भरे बोरे (वजन 858 क्विंटल) अधिक पाए गए, जो रिसाइक्लिंग और फर्जी परिवहन की ओर इशारा करते हैं। सतर्क ऐप से भी अलर्ट प्राप्त हुआ था।
सेवा सहकारी समिति कटेली (पं.क्र. 1563):
यहाँ के सहायक समिति प्रबंधक श्री निलेश जायसवाल को भी निलंबित (Suspended) किया गया है। निरीक्षण में पाया गया कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद यहाँ ढाला पद्धति से धान का परीक्षण नहीं किया जा रहा था और सीधे बोरे में भरकर तौल की जा रही थी, जो घोर लापरवाही है।
सेवा सहकारी समिति छिंद (पं.क्र. 171) – केंद्र लिमगांव:
यहाँ के समिति प्रबंधक (नवीन संवर्ग) श्री मुकेश कुमार गुप्ता द्वारा शासन के निर्देशों के विपरीत कार्य करने और स्वेच्छाचारिता बरतने के कारण उनका वित्तीय प्रभार (Financial Power) तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
इसी केंद्र (लिमगांव) के फड़ प्रभारी श्री खीकराम साहू को धान खरीदी कार्य में लापरवाही और मनमानी करने के चलते तत्काल प्रभाव से धान खरीदी कार्य से पृथक (Removed) कर दिया गया है।
प्रशासन का कड़ा संदेश:
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी कार्य में संलग्न समस्त कर्मचारियों पर छत्तीसगढ़ आवश्यक सेवा संधारण एवं विच्छिन्नता निवारण अधिनियम 1979 (एस्मा एक्ट) लागू है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शासन की छवि धूमिल करने वाले कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।
जारीकर्ता:
जिला प्रशासन/जनसंपर्क विभाग
जिला- सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छ.ग.)

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button