Raigarh News

लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार के पति कुंजबिहारी सिदार का निधन  

रायगढ़। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार के पति कुंजबिहारी सिदार का रविवार देर रात निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
कुंजबिहारी सिदार के निधन की खबर सामने आते ही परिवार, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव कुंजेमुरा में किया जाएगा।
कुंजबिहारी सिदार का परिवार लंबे समय से लैलूंगा क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। उनके पिता प्रेम सिंह सिदार लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनके परिवार में पुत्र अभिषेक सिदार और पुत्री प्रेरणा सिदार हैं।
कुंजबिहारी सिदार की पत्नी विद्यावती सिदार वर्तमान में लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनीति राठिया को 4,176 मतों के अंतर से हराया था। इससे पहले वे जनपद सदस्य और जिला महिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक भूमिकाओं में सक्रिय रही हैं।
कुंजबिहारी सिदार के निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button