Raigarh News

कोड़ातराई प्रस्तावित एयरपोर्ट मामला फिर सुर्खियों में

रायगढ़। रायगढ़ जिले के कोड़ातराई में प्रस्तावित एयरपोर्ट को लेकर विरोध शुरू हो गया है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच 4 गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और परियोजना को निरस्त करने की मांग की।
दरअसल कोड़ातराई, बेलपाली, जकेला और औरदा गांव के सैकड़ों ग्रामीण पहले मिनी स्टेडियम में एकत्रित हुए। इसके बाद रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि, एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन नहर और ट्यूबवेल से सिंचित दो फसली भूमि है, जो उनके जीवनयापन का मुख्य साधन है। ऐसे में जमीन जाने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित एयरपोर्ट के कारण एनएच-153, पुसौर रोड, एनटीपीसी लारा रोड और ओडिशा के बरगढ़ को जोडऩे वाली सडक़ भी प्रभावित होगी। इससे शासन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और यातायात व्यवस्था भी बाधित होगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि किसानों की सहमति के बिना जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जो उनके अधिकारों का उल्लंघन है। उनका कहना है कि इससे कई परिवार बेघर हो जाएंगे और सैकड़ों लोगों का रोजगार प्रभावित होगा।
ग्रामीणों के अनुसार एयरपोर्ट निर्माण के बाद खेतों तक पहुंचने के लिए उन्हें करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से शासन से मांग की है कि प्रस्तावित कोड़ातराई एयरपोर्ट परियोजना को तत्काल निरस्त किया जाए और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button