Raigarh News

खैरपुर में युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से फैली सनसनी

रातभर लापता युवक की सुबह मिली खून से लथपथ लाश

रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव की सीतापुर बस्ती में शुक्रवार सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब एक 23 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिली। युवक का सिर भारी पत्थर से बेरहमी से कुचला गया था। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना कोतरा रोड पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को मर्ग पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जिला मुख्यालय से लगे ग्राम भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात करीब साढ़े 9 बजे तिलक अपने दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह रातभर वापस नहीं लौटा, तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। सुबह खैरपुर गांव में उसकी लाश मिलने की खबर आई। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि रात में तिलक को गांव के ही एक युवक के साथ देखा गया था।
आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद या आपसी रंजिश के चलते अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। अब पुलिस इस पूरे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। कातिलों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की एक टीम खैरपुर मार्ग और सीतापुर बस्ती के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस ने उन दोस्तों और संदिग्धों की सूची तैयार की है, जिनके साथ तिलक को आखिरी बार देखा गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा है उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button