spot_img

Latest Posts

भगोरा में घर से सागौन-साल की अवैध लकड़ी जब्त, वन विभाग की कार्रवाईभगोरा में घर से सागौन-साल की अवैध लकड़ी जब्त, वन विभाग की कार्रवाई

रायगढ़ वन परिक्षेत्र के जामगांव सर्किल अंतर्गत भगोरा गांव में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक घर से सागौन और साल की लकड़ी जब्त की है। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव निवासी रथलाल राठिया के मकान में बड़ी मात्रा में लकड़ी का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर उड़नदस्ता और विभागीय अमले की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली, जहां से सागौन के लट्ठे और साल प्रजाति की चिरान बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुरुवार को भगोरा गांव में अवैध लकड़ी भंडारण की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने के बाद विभाग ने मामले की जांच के लिए उड़नदस्ता और वन अमले की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा। टीम ने रथलाल राठिया के घर पहुंचकर तलाशी की कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान घर में सागौन के बड़े लट्ठे और साल प्रजाति की चिरान रखी मिली। वनकर्मियों ने जब बरामद लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो संबंधित व्यक्ति द्वारा कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पूरी लकड़ी को जब्त कर लिया।
वन विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, जब्त लकड़ी की कीमत 35 हजार रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, लकड़ी की वास्तविक कीमत अभी निर्धारित नहीं हुई है। विभाग द्वारा लकड़ी की नापजोख और विस्तृत मूल्यांकन कराया जा रहा है। इसके बाद ही जब्त लकड़ी की अंतिम कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने भगोरा गांव में दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान काफी मात्रा में लकड़ी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि जब्त लकड़ी का आधिकारिक मूल्यांकन कराया जा रहा है।
वन विभाग द्वारा मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लकड़ी के स्रोत और उसके भंडारण से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ भी की जा रही है। विभाग द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त सागौन और साल की लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसके संबंध में कोई वैध अनुमति या दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से लकड़ी के भंडारण और परिवहन से जुड़े मामलों को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल जब्त लकड़ी विभाग के कब्जे में है और मूल्यांकन तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss