*कुष्ठ की पहचान सचमुच आसान – सुन्न दाग दिखे तो तुरंत जांच कराएं:–पूर्व सीएमएचओ डॉ. एफ. आर. निराला
*कुष्ठ की पहचान सचमुच आसान – सुन्न दाग दिखे तो तुरंत जांच कराएं:–पूर्व सीएमएचओ डॉ. एफ. आर. निराला 
समय पर पहचान से विकलांगता 100% रोकी जा सकती है*
*सारंगढ़-बिलाईगढ़।* कुष्ठ रोग को लेकर समाज में भ्रम बहुत है, पर पहचान बेहद आसान है। *पूर्व सीएमएचओ डॉ. एफ. आर. निराला* के अनुसार, “अगर हम सजग रहें तो सुन्नपन वाले दाग-धब्बे से ही कुष्ठ पकड़ा जा सकता है।”
*1. इतिहास और पृष्ठभूमि*
कुष्ठ का जिक्र सुश्रुत संहिता और चरक संहिता – दोनों प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथों में मिलता है। 1955 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया। 1983 में MDT दवा आने के बाद इसका नाम *राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम* हुआ। कुष्ठ को *हेनसन डिसीज* भी कहते हैं। यह माइकोबैक्टीरियम लेप्री बैक्टीरिया से फैलने वाली बीमारी है जो मुख्यतः नसों और चमड़ी को प्रभावित करती है। इससे मौत नहीं होती, पर इलाज न हो तो *आंख, हाथ, पैर में विकलांगता* हो सकती है।
*2. छत्तीसगढ़ में कुष्ठ का फैलाव*
मैदानी इलाकों में कुष्ठ ज्यादा है। रायगढ़, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग – ये 6 संसदीय क्षेत्र सर्वाधिक प्रभावित हैं। महानदी के तटीय क्षेत्र नगरी-कुरुद से लेकर बिलाईगढ़, सारंगढ़, बरमकेला तक नमी वाला वातावरण बैक्टीरिया के लिए अनुकूल है। इसी कारण *सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में केस ज्यादा* हैं।
*3. पहचान कैसे करें? – “सुन्नपन” है पहचान की कुंजी*
बैक्टीरिया श्वसन तंत्र से शरीर में जाता है और नसों के प्रोटीन से चिपक जाता है। लक्षण आने में 5-7 साल लगते हैं। *मुख्य लक्षण:*
1. *सुन्नपन वाला दाग:* चमड़ी पर सफेद/लाल दाग जिसमें संवेदना खत्म हो, सुई चुभाने पर दर्द न हो
2. *पसीना बंद:* दाग वाली जगह पसीना न आए
3. *तंत्रिका मोटी होना:* कोहनी, घुटने, कान, माथे की नसें मोटी-गठान वाली
4. *हाथ-पैर की समस्या:* उंगलियां मुड़ना, पैर से चप्पल निकल जाना, तलवे में दर्दरहित घाव, बटन न लग पाना
5. *चेहरे के लक्षण:* भौंह झड़ना, आंख पूरी बंद न होना
“ये सब कुष्ठ के ‘शंका के लक्षण’ हैं। इन्हें देखें तो तुरंत सत्यापन कराएं।”
*4. कैसे फैलता है और कैसे रोकें?*
खांसने-छींकने से ड्रॉपलेट द्वारा फैलता है। लंबे समय तक बिना दवा वाले मरीज के संपर्क से संभावना बढ़ती है।
*5 स्तंभ – कुष्ठ प्रभाव कम करने के उपाय:*
1. *लीडरशिप + कमिटमेंट:* पंचायत से लेकर स्वास्थ्य अमले तक
2. *सक्रिय खोज:* हर 6 महीने में घर-घर सर्वे, ABSULS – आशा बेस्ड सर्विलांस
3. *गुणवत्तापूर्ण जांच:* शंका वाले मरीज का स्लिट-स्किन स्मीयर टेस्ट
4. *कलंक हटाना:* विकलांगता, भेदभाव, मानवाधिकार हन रोकना
5. *डिजिटाइजेशन:* निकुष्ठ पोर्टल पर 100% रिपोर्टिंग
*5. लक्ष्य और प्रयास*
*लक्ष्य:* प्रति 10 हजार आबादी पर 1 केस से कम, बच्चों में केस जीरो, ग्रेड-2 विकलांगता जीरो, स्टिगमा खत्म।
*प्रयास:* कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, HOT केस में 15 दिन में FLC, अस्पताल OPD में स्पर्श क्लीनिक, Mother Case की पहचान, PEP दवा देकर संपर्क वालों को बचाना।
*समुदाय की भूमिका जरूरी*
डॉ. निराला ने कहा कि पंचायती राज संस्था और स्कूल के बच्चे अहम हैं। बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा देकर हम “कुष्ठ मुक्त पंचायत” का सपना पूरा कर सकते हैं। साथ ही डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, मितानिनों का समय-समय पर प्रशिक्षण जरूरी है।
