Raigarh News

पति की मौत या सोची-समझी हत्या? ससुराल वालों पर गंभीर आरोप!

सारंगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम बसीनबहरा से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 22 वर्षीय विवाहिता, शीतल निराला ने अपने ससुराल पक्ष पर उसके पति की साजिश के तहत हत्या (मर्डर) करने और साक्ष्य छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता ने इस संबंध में सिटी कोतवाली सारंगढ़ के थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय और उचित दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
पीडि़ता शीतल निराला के अनुसार, उसके पति स्वर्गीय संजय कुमार निराला (जो सीसीएल छछरु के कर्मचारी थे और झारखंड में कार्यरत थे) की मृत्यु 19 जून 2026 को हो चुकी थी।
जानकारी छुपाने का आरोप: सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस मौत की जानकारी पीडि़ता को तीन दिनों तक नहीं दी गई।
गुपचुप अंतिम संस्कार: जब पीडि़ता के मायके वालों को इसकी भनक लगी, तो वे 21 जून को बसीनबहरा स्थित ससुराल पहुंचे। वहाँ जाने पर पता चला कि ससुराल पक्ष (ननद, ननद के पति और बड़े ससुर) ने पूरी बात को गोपनीय रखते हुए पति का दाह संस्कार भी कर दिया था।
शोक पत्र से नाम गायब: यहाँ तक कि ससुराल वालों द्वारा छपवाए गए शोक पत्र में भी पत्नी शीतल का नाम शामिल नहीं किया गया।
शिकायत पत्र के मुताबिक, जब पीडि़ता के भाई अभिषेक (उपसरपंच), सुजीत कुमार (पंच), जीत कुमार रात्रे और मामा शंकर कोशले स्थिति का पता लगाने ससुराल पहुंचे, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज की। उन्हें वहाँ से भगाते हुए धमकी दी गई कि “तुम लोग और तुम्हारी लडक़ी शीतल से हमारा कोई वास्ता नहीं है, हम नहीं जानते कि तुम्हारी लडक़ी की शादी कब हुई थी।”
पीडि़ता का संदेह तब और पक्का हो गया जब ससुराल पक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया एक वीडियो सामने आया।
पीडि़ता का आरोप: मृत्यु के महज दो दिन पूर्व ही उसकी अपने पति से हंसते-हुए बात हुई थी, जिससे स्वाभाविक मौत पर गहरा संदेह पैदा होता है। इसके अलावा, सामने आए वीडियो में पति के अस्थि विसर्जन के समय ससुराल वाले ढाके लगाकर हंसते, शराब के नशे में जश्न मनाते और मुर्गा-दारू की पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
शीतल निराला ने थाना प्रभारी और सतनामी विकास परिषद को सौंपे पत्र में गुहार लगाई है कि उसके पति की मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए कि यह सामान्य मृत्यु है या सोची-समझी हत्या। पीडि़ता ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी न्यायिक व दंडात्मक सजा दिलाने और खुद के अधिकारों (हक) की रक्षा करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button