Raigarh News

रायगढ़ में प्रेस क्लब भवन का ऐतिहासिक भूमिपूजन

‘रायगढ़ मेरे लिए राजनीतिक समीकरण नहीं, विकास का संकल्प है’ : वित्त मंत्री
प्रेस क्लब भवन भूमिपूजन के साथ निभाया वादा, प्रेस क्लब ने जताया आभार
रायगढ़ मेरे लिए एक विकसित भविष्य का संकल्प-ओपी चौधरी

रायगढ़। 2 मई की शाम रायगढ़ में हुए वर्षों से प्रतीक्षित प्रेस क्लब सामुदायिक भवन का भूमिपूजन एक साधारण कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्वास, प्रतिबद्धता और विकास की राजनीति का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने न सिर्फ पत्रकारों से किया अपना वादा निभाया, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनके लिए रायगढ़ ‘राजनीतिक समीकरण’ नहीं, बल्कि ‘विकास का संकल्प’ है। ‘सरकारें बदलती रहीं, लेकिन वादों की उम्र अक्सर छोटी होती है’-इस धारणा को तोड़ते हुए शनिवार को नगर विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रेस क्लब भवन का भूमिपूजन कर यह साबित किया कि इच्छाशक्ति हो तो संकल्प जमीन पर उतरते देर नहीं लगती। 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह भवन अब रायगढ़ के पत्रकारों को एक सशक्त पहचान और स्थायी मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की बड़ी उपस्थिति रही। मंचस्थ अतिथियों में सुभाष त्रिपाठी, हेमंत थवाईत, नवीन शर्मा, अनिल पांडेय, दिनेश मिश्रा, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कौशलेश मिश्रा, राजेन्द्र ठाकुर, आशीष ताम्रकार, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान, सुरेश गोयल, सुरेश जगतरामका, नरेश शर्मा, सुभाष पाण्डेय, गुरपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, पुनीराम रजक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठ कलमकार थिंक टैंक मुकेश जैन ने किया। प्रेस क्लब की ओर से स्वागत वक्तव्य एवं आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर के पुरोधा पत्रकारों-वारेन दा, किशोरी मोहन त्रिपाठी, गुरदेव कश्यप, ओमप्रकाश केडिय़ा, अनुपमदास गुप्ता, सत्यनारायण अग्रवाल, बासुदेव मोदी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत महामाला से किया गया, जो पत्रकारों के सम्मान और एकजुटता का प्रतीक बना।

रायगढ़ मेरे लिए एक विकसित भविष्य का संकल्प-ओपी चौधरी

अपने प्रभावशाली और भावनात्मक संबोधन में ओपी चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने कभी भी रायगढ़ को राजनीति के तराजू पर नहीं तौला। उन्होंने कहा कि-‘आईएएस जैसी प्रतिष्ठित सेवा छोडक़र मैंने जो रास्ता चुना, उसे दिशा रायगढ़ की जनता ने दी। मैंने हमेशा ऐसे फैसले लिए, जो आज भले कठिन लगें, लेकिन भविष्य में रायगढ़ के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। मेरे पांच वर्षों का कार्यकाल किसी भी नागरिक को निराश नहीं करेगा-यह मेरा वादा है।’ उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि दशकों से लंबित कई योजनाएं अब प्राथमिकता में लाई जा रही हैं और प्रेस क्लब भवन उसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने इसे ‘सर्वसुविधायुक्त, आधुनिक और प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ प्रेस क्लब’ बनाने की मंशा जाहिर की।

विकास की सोच-सीमित संसाधन, लेकिन बड़ा विजन

ओपी चौधरी ने बताया कि इस परियोजना के लिए 30 लाख रुपये विधायक मद से दिए गए, जबकि पूर्व में 20 लाख का प्रावधान था। सीमित संसाधनों के बावजूद प्राथमिकता तय कर इस कार्य को आगे बढ़ाया गया। नगर निगम और आयुक्त बृजेश क्षत्रिय की तत्परता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति से ही योजनाएं गति पकड़ती हैं। वरिष्ठ कलमकार मुकेश जैन की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने उन्हें ‘महाभारत का संजय’ बताया-जो समय-समय पर शहर के मुद्दों से उन्हें अवगत कराते रहे।

ओपी चौधरी रायगढ़ के विश्वकर्मा – जीवर्धन

महापौर जीवर्धन चौहान ने पत्रकारों को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि ओपी चौधरी के नेतृत्व में रायगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने उन्हें ‘रायगढ़ का विश्वकर्मा’ बताते हुए हर वार्ड में संतुलित विकास कार्यों की सराहना की और उनके मार्गदर्शन में काम करना अपनी बड़ी उपलब्धि बताया।

भरोसे की नींव पर खड़ा होगा नया प्रेस क्लब

रायगढ प्रेस क्लब भवन का भूमिपूजन केवल एक निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि यह उस भरोसे की नींव है जिसे ओपी चौधरी ने अपने कार्य और निर्णयों से मजबूत किया है। रायगढ़ अब ‘विकासशील’ से ‘विकसित’ शहर बनने की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है-और इस सफर में पत्रकारों को मिला यह नया ठिकाना न सिर्फ उनके पेशे को मजबूती देगा, बल्कि लोकतंत्र की आवाज़ को भी और बुलंद करेगा। पत्रकारों के लिए यह न सिर्फ एक भवन, बल्कि उनके सम्मान और सशक्तिकरण का नया केंद्र बनने जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button