Raigarh News

भाजपा की कार्यशाला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की रणनीति तय

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनहित के मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी आंदोलनात्मक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती, आपसी समन्वय और निर्धारित समय-सीमा में गतिविधियां पूरी करने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला की शुरुआत मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य वक्ता और बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनजागरूकता और नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना अभियान के प्रमुख उद्देश्य हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि संगठनात्मक अभियान की सफलता के लिए योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और सभी पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की तैयारी समय रहते पूरी करने पर भी जोर दिया।

अभियान के जिला संयोजक श्रीकांत सोमावार ने इसकी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रमों के संचालन के लिए जिला स्तर पर अलग-अलग टोलियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने विधानसभा प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। नियमित संवाद, समयबद्ध तैयारी और कार्यक्रमों की समीक्षा को भी महत्वपूर्ण बताया।

रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के सम्मान और जनहित के प्रति जिम्मेदारी से जुड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं समझने और जनसंवाद बढ़ाने का आह्वान किया। नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने संगठनात्मक एकजुटता, जनसेवा और स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कार्यशाला में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संगठन की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने, जनहित के मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों के संचालन पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में विधानसभा प्रभारी, जिला अभियान टोली, सात कार्यक्रम टोलियों के सदस्य, मंडल अध्यक्ष एवं प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष और आईटी सेल के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश पंडा ने किया। समापन पर अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों को समन्वय और समयबद्धता के साथ पूरा करने का संकल्प लिया गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button