CG NewsRaigarh News

ऐतिहासिक तालाबों की दुर्दशा पर  घरघोड़ा वासियों ने सौंपा ज्ञापन

घरघोड़ा। नगर के ऐतिहासिक बगमूड़ा एवं छोटे मुड़ा तालाबों की बिगड़ती स्थिति को लेकर नगरवासियों ने एकजुट होकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। नागरिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत घरघोड़ा को ज्ञापन सौंपकर तालाबों की तत्काल सफाई और सौंदर्यीकरण की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि बगमूड़ा और छोटे मुड़ा तालाब घरघोड़ा की प्राचीन जल धरोहर हैं, जो वर्षों से नगर के पर्यावरण, जल संरक्षण और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार रहे हैं। वर्तमान में दोनों तालाब अत्यधिक गंदगी, जलकुंभी, कचरे और गाद से भर चुके हैं, जिससे आसपास के लोगों को दुर्गंध, मच्छरों और बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाबों की तत्काल सफाई, जलकुंभी हटाने, गहरी खुदाई, प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नगर की ऐतिहासिक पहचान भी सुरक्षित रह सके। ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि संबंधित विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

नगर का सबसे पुराना और ऐतिहासिक तालाब वर्षों से बदहाली झेल रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की नजर उस पर आज तक ठीक से नहीं पड़ी। समय-समय पर जब नागरिक आवाज उठाते हैं, तो बीच-बीच में सिर्फ दिखावे की थोड़ी-बहुत सफाई करवा दी जाती है और फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। इतना महत्वपूर्ण तालाब होने के बावजूद उसकी दुर्दशा पर प्रशासन का गंभीर ध्यान न देना समझ से परे है। अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

विडंबना यह भी है कि सत्ता पक्ष के बड़े-बड़े नेता और निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी इसी नगर और क्षेत्र के हैं, फिर भी तालाब की हालत पर उनकी चुप्पी चर्चा का विषय बनी हुई है। जनता की आंखों के सामने ऐतिहासिक धरोहर बदहाल होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार लोग मानो आंख मूंदे बैठे हैं। विकास और संरक्षण की बातें मंचों पर जरूर होती हैं, पर जमीन पर स्थिति देखकर लगता है कि वादे अब तक हकीकत नहीं बन पाए हैं।

नगरवासियों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button