Raigarh News

जिला भाजपा महामंत्री विकास केडिया के मुख्य आतिथ्य में पुसौर में सघन जनसंपर्क के साथ ‘गांव चलो, बूथ चलो’ अभियान संपन्न

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘गांव चलो, बूथ चलो’ अभियान के अंतर्गत आज पुसौर मंडल के नगर पंचायत पुसौर में सघन जनसंपर्क अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला भाजपा महामंत्री श्री विकास केडिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत वार्ड क्रमांक 04 एवं वार्ड क्रमांक 14 में घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क स्थापित किया गया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वार्डों में भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी ली। साथ ही घर-घर संपर्क कर नागरिकों से योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन एवं उनके अनुभवों के बारे में फीडबैक प्राप्त किया, जिससे योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विकास केडिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘गांव चलो, बूथ चलो’ अभियान भारतीय जनता पार्टी का एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक अभियान है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाना एवं सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक ताकत हैं और जब कार्यकर्ता घर-घर जाकर संवाद करते हैं, तो जनता और संगठन के बीच विश्वास और भी मजबूत होता है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं जैसे गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास से जुड़ी योजनाएं सीधे जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं, और इन योजनाओं की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचाना हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button