🔶 *जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में ‘साइबर जागृति अभियान’ का पांचवां सप्ताह।*डिजिटल ठगों के हथकंडों से युवाओं और श्रमिकों को बचाने के लिए 78 स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित
।*
🔶 *जिले के करीब 78 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर 5,185 लोगों को किया गया जागरूक।*
🔶 *रातों-रात अमीर बनाने वाले ऑनलाइन नौकरी के विज्ञापनों से पूरी तरह सावधान रहने की अपील।*
🔶 *किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर रिपोर्ट दर्ज कराएं।*
छत्तीसगढ़ पुलिस के मार्गदर्शन में जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक एक व्यापक और प्रभावी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के पांचवें सप्ताह (13 से 19 सितंबर 2026) के अंतर्गत आज जिलेभर में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस सप्ताह का मुख्य फोकस असंगठित क्षेत्र के नौकरीपेशा युवाओं और श्रमिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों से सुरक्षित रखना है।
🔵 *एक नजर में अभियान के मुख्य आंकड़े*
साइबर सुरक्षा के लिए आज जिले के थानों, चौकियों, दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और हाट-बाजारों सहित कुल 78 प्रमुख स्थानों पर जागरूकता शिविर लगाए गए। इन आयोजनों के माध्यम से लगभग 5,185 नागरिकों (विशेष तौर पर युवा वर्ग और श्रमिकों) को सीधे तौर पर जोड़कर साइबर अपराधियों के नए और शातिर ठगी के तरीकों से आगाह किया गया।
🔵*जॉब स्कैम और फिशिंग लिंक्स बन रहे हैं बड़ा खतरा*
पुलिस टीमों ने जमीनी स्तर पर आमजन को समझाया कि कैसे आधुनिक साइबर ठग बेरोजगारों और श्रमिकों की विवशता का फायदा उठाकर उन्हें अपना आसान शिकार बना रहे हैं। इस दौरान निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विशेष बल दिया गया:
*फर्जी जॉब अलर्ट का जाल:*
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स या मोबाइल मैसेज पर आने वाले लुभावने और रातों-रात अमीर बनाने वाले ऑनलाइन नौकरी के विज्ञापनों से पूरी तरह सावधान रहें।
*रजिस्ट्री के नाम पर खुली लूट:*
कई फर्जी भर्ती एजेंसियां और शातिर गिरोह रजिस्ट्रेशन फीस या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर बेरोजगारों से पैसे ऐंठ रहे हैं, ऐसे तत्वों से हमेशा सतर्क रहें।
*फिशिंग लिंक्स का प्रपंच:*
नौकरी या आकर्षक इनाम के लालच में मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें। ऐसे लिंक्स पर क्लिक करते ही या निजी एवं बैंक विवरण साझा करते ही बैंक खाते पलभर में खाली हो सकते हैं।
🔵*भ्रामक विज्ञापनों से दूर रहें, इन सुरक्षित माध्यमों से पाएं रोजगार*
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि असंगठित क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षित रोजगार से जोड़ने के लिए कई सरकारी और प्रामाणिक मंच उपलब्ध हैं। युवा रोजगार कार्यालय, आईटीआई, कौशल विकास केंद्रों, श्रमिक सहायता केंद्रों और औद्योगिक क्षेत्रों का सहयोग ले सकते हैं। इन आधिकारिक और विश्वसनीय माध्यमों का उपयोग करके युवा पूरी तरह सुरक्षित रूप से रोजगार प्राप्त कर सकते हैं और ठगों के जाल में फंसने से बच सकते हैं।
🔵 *सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की आम जनता से अपील: ‘सतर्कता ही बचाव है’*
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सूझबूझ और समझदारी से डिजिटल दुनिया का उपयोग करें। नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी या यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारियां किसी के भी साथ साझा न करें।
यदि आपके या आपके किसी परिचित के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है या कोई संदेहास्पद गतिविधि नजर आती है, तो बिना वक्त गंवाए तुरंत अपने नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क को सूचना दें। इसके अलावा, त्वरित और समय पर सहायता के लिए **राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930** पर तुरंत कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक और सख्त कार्रवाई की जा सके।

