Raigarh News

गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत नगर निगम द्वारा शहर के सार्वजनिक एवं शैक्षणिक परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू और कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान किया। कॉलेज के मुख्य गेट से लेकर मैदान परिसर, गर्ल्स हॉस्टल के सामने और ओल्ड हॉस्टल परिसर तक सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान की शुरुआत परिसर में जगह-जगह बिखरे खाद्य सामग्री के पैकेट, सिंगल यूज प्लास्टिक, दोना-पत्तल, कागज, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरे को एकत्र करने से हुई। इसके बाद घास कटर मशीन के माध्यम से परिसर में उगी अनावश्यक घास, खरपतवार, बेशरम और अन्य झाड़ियों की कटाई की गई। लंबे समय से जमा झाड़-झंखाड़ को भी हटाया गया। सफाई कार्य के बाद कॉलेज परिसर का स्वरूप अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया।

अभियान के दौरान गर्ल्स हॉस्टल के सामने स्थित कीचड़युक्त और असमतल क्षेत्र पर भी विशेष रूप से सफाई कार्य किया गया। यहां उगी गाजर घास, खरपतवार और झाड़ियों को हटाया गया। झाड़ियों के नीचे जमा कीचड़युक्त भूमि की जेसीबी के माध्यम से सफाई कर जमीन को समतल किया गया। लंबे समय से उपेक्षित इस क्षेत्र की सफाई और समतलीकरण के बाद हॉस्टल के सामने का परिसर अधिक व्यवस्थित और उपयोगी बनाया गया।

सेवा ही संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी का संदेश देते हुए जनप्रतिनिधियों ने स्वयं सफाई के औजार उठाकर श्रमदान किया। महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय, एमआईसी सदस्य पंकज कंकरवाल, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ज्योति यादव, वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद अन्नू सारथी और वार्ड क्रमांक 39 की पार्षद संगीता मुक्कू यादव ने रांपा, तसला और झाड़ी काटने के औजारों के साथ सफाई कार्य में सहभागिता निभाई। उन्होंने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों और सफाई अमले के साथ मिलकर पूरे परिसर की सफाई में सक्रिय भागीदारी की।

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों और आसपास के नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा नगर निगम के अभियान में सहयोग करने की अपील की।

सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जनजीवन का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव के केंद्र होते हैं। गर्ल्स डिग्री कॉलेज में चलाया गया यह अभियान विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों की सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी की साझा जिम्मेदारी है। निगम का सफाई अमला लगातार अपना कार्य कर रहा है, लेकिन स्थायी स्वच्छता के लिए नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस परिसर को साफ किया गया है, उसे दोबारा गंदा न होने देना ही वास्तविक स्वच्छता है। लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता का संदेश अपने घर और आसपास के समाज तक पहुंचाने की अपील की।

कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है। गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में कचरा हटाने के साथ घास और झाड़ियों की कटाई, झाड़-झंखाड़ की सफाई तथा गर्ल्स हॉस्टल के सामने कीचड़युक्त एवं असमतल भूमि की जेसीबी से सफाई कर समतलीकरण किया गया।

उन्होंने कहा कि किसी स्थान की सफाई करने के साथ उसे स्वच्छ बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों और नागरिकों से परिसर में कचरा नहीं फैलाने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की गई।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button