मालगाड़ी की चपेट में आया हाथी, उपचार के दौरान हुई मौत

रायगढ़। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत चारमार गांव के समीप एक जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में हाथी के एक पैर में गहरी चोट आई है, जबकि उसके शरीर से लगातार रक्तस्राव होने की जानकारी सामने आई है। इस घटना के बाद आज सुबह घायल हाथी की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 9 बजे के आसपास कि बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार घायल हाथी के साथ पांच अन्य हाथियों का दल भी आसपास मौजूद है, जिससे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई गई थी। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथियों के झुंड के निकट नहीं जाने की अपील की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी रायगढ़ के दिशा निर्देश में उप वन मंडल अधिकारी आशुतोष मांडवा एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायल हाथी के उपचार एवं निगरानी के लिए चार डॉक्टरों और वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम मौके पर तैनात है। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार हाथी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार हाथी की हालत गंभीर बनी हुई है। विशेषज्ञों की टीम उसके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है और उसे बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।ग्रामीणों और वन विभाग की संयुक्त निगरानी में राहत एवं उपचार कार्य जारी है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार घायल हाथी को बचाने के लिए अथक प्रयास किया गया है परन्तु उपचार के दौरान हाथी कि मौत होने कि जानकारी सामने आ रही है। हाथी के मौत होने कि पुष्टि फारेस्ट एसडीओ घरघोड़ा आशुतोष मंडावा ने कि है।
इधर 5 स्टार में टेऊनिंग उधर मौतों का सिलसिला जारी
5 और 6 जून को रायगढ़ के प्रतिष्ठित होटल ट्रिनिटी ग्रैंड में देश भर के दिग्गजों की मौजूदगी में “लर्निंग फ्रॉम डेड” (मौत से सीखना) विषय पर एक भव्य राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित होती है। लेकिन विडंबना देखिए कि इस ‘हाई-प्रोफाइल’ ट्रेनिंग के ठीक 10 दिन बाद बीती रात घरघोड़ा में रेलवे ट्रैक पार कर रहर हाथियों का दल मालगाड़ी के सामने आ जाता है और एक मादा हाथी कटकर तड़प-तड़प कर जान दे देती है। हाथियों का दल रेलवे ट्रैक की तरफ बढ़ रहा था, तब विभाग का वो एडवांस ‘ड्रोन’ और ‘हाथी मित्र दल’ कहाँ था? रेलवे के लोको पायलट को एडवांस में अलर्ट क्यों नहीं भेजा गया? साफ है कि तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ प्रेस रिलीज और अपनी पीठ थपथपाने के लिए हो रहा है, हाथियों की जान बचाने के लिए नहीं।
