Raigarh News

पानी से भरे दलदल में फंसकर फिर हाथी शावक की मौत

शावक के फंसने के बाद घंटो चिंघाड़ता रहा गजराज दल
15 दिन मे तीसरी मौत, विभाग पर गंभीर आरोप

रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा हाथियों के सुरक्षित रखने के लिए योजना बनाकर मैदान मे करोड़ों रूपये खर्च करने के बाद भी हाथियों की जान बचाने मे कही न कही वन विभाग बेबस नजर आ रहा है। रायगढ़ जिले मे हाथियों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में छाल रेेंज में एक बार फिर से एक हाथी शावक की पानी से भरे दलदल में फंसकर मौत हो गई है।
रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ वन मंडल में आज फिर एक शावक हाथी की मौत होने से वन विभाग में हडक़ंप मच गया है। हाथियों की सुरक्षा के लिए कैम्प मद से करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावों के बीच लगातार हो रही मौतों ने विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने भी वन विभाग के सुस्ती का आरोप लगाते हुए किये जा रहे सुरक्षा उपायों पर गंभीर चिंता जताते हुए अन्य गंभीर आरोप लगाये जा रहें है। क्षेत्र मे 38 हाथियों का दल क्षेत्र मे विचरण कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 23 मई को धरमजयगढ़ के छाल रेंज के लोटन बीट में एक शावक हाथी का शव मिला। शव मिलने की जानकारी से वन विभाग मे हडक़ंप मच गया वही विभाग के आला अधिकारी कर्मचारी भागे भागे मौके पर पहुंचे है। बताया जा रहा है कि पानी से भरे दलदल में फंसने के कारण उसकी मौत हुई है। वहीं हाथी शावक के दलदल में फंसने के बाद गजराज दल वहां घंटो चिंघाडता रहा। मगर फिर भी उसकी जान नही बचाई जा सकी। मृत शावक की उम्र करीब दो वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और शावक को दलदल से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। शव बाहर निकालने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि रायगढ़ जिले में पिछले एक महीने के भीतर चार शावक हाथियों की मौत हो चुकी है, जिनमें से तीन मौतें केवल धरमजयगढ़ वन मंडल में हुई हैं। लगातार हो रही घटनाओं से वन विभाग की कार्यप्रणाली और हाथियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button