spot_img

Latest Posts

हाथी ने महिला को पैरों से कुचलकर उतारा मौत के घाट

रायगढ़। रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। खरसिया इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक महिला को हाथी ने बेरहमी से कुचलकर मार डाला। यह वारदात ग्राम पंचायत बरभौना के आश्रित गांव कुकरीचोली की है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार खरसिया रेंज के अंतर्गत आने वाले कुकरीचोली गांव की रहने वाली चंद्रकला डनसेना, उम्र 55 वर्ष पति श्याम लाल डनसेना आज सुबह करीब 9 बजे के बीच घर से डोरी बिनने के नाम से घर से निकली थी। दोपहर तक वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिवार वालों को फिक्र होने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोपहर करीब 3 बजे चंद्रकला का शव उसके खेत से कुछ दूरी पर, किसी दूसरे व्यक्ति के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। हाथी के पैरों के निशान और शव की हालत देखकर साफ हो गया कि हाथी ने उसे कुचलकर मारा है।
खेत में महिला की लाश मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से गुस्साए और डरे हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग और छाल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वन अमला आनन-फानन में मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है। वन विभाग और पुलिस की टीम आगे की कानूनी कार्रवाई और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी हुई है। इलाके में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को जंगलों और खेतों की तरफ अकेले न जाने की हिदायत दी है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss