Raigarh News

ओ पी चौधरी के सहयोग से पनिका समाज का सपना हुआ साकार – गोपाल दास महंत

रायगढ़। पनिका समाज सेवा समिति, रायगढ़ के जिलाध्यक्ष श्री गोपाल दास महंत ने कहा है कि 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम पनिका समाज के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। इस अवसर पर अमलीभौना में समाज के बहुप्रतीक्षित सामुदायिक भवन का भूमि पूजन, कबीर चौक स्थित नवनिर्मित कबीर मंदिर का लोकार्पण, तथा नगर निगम ऑडिटोरियम में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं व प्रतिभा सम्मान एवं रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री माननीय श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार समारोह आयोजित किया गया ।
श्री महंत ने कहा कि यह आयोजन रायगढ़ जिले के पनिका समाज की वर्षों पुरानी सामूहिक आकांक्षा, संघर्ष और विकास के संकल्प के साकार होने का ऐतिहासिक अवसर रहा। आर्थिक रूप से अपेक्षाकृत कमजोर होने के कारण समाज लंबे समय से अपने सामुदायिक भवन के अभाव को महसूस करता रहा। रायगढ़ शहर एवं आसपास के अधिकांश समाजों के अपने सामुदायिक भवन हैं, किंतु पनिका समाज को सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सदैव आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि समाज की इस बहुप्रतीक्षित आवश्यकता को माननीय श्री ओ.पी. चौधरी ने गंभीरता से समझा और सर्वसमाज के समग्र विकास के प्रति अपनी उदारता व प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए पनिका समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु ₹20 लाख तथा कबीर मंदिर के निर्माण हेतु ₹20 लाख की राशि स्वीकृत की। उनके इस महत्वपूर्ण सहयोग से आज पनिका समाज का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया ।
श्री गोपाल दास महंत ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पनिका समाज सेवा समिति, रायगढ़ के जिला एवं ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्यों, वरिष्ठ समाजजनों, मातृशक्ति, युवा साथियों तथा समाज के प्रत्येक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोगी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत श्री राजेंद्र महंत (गुरुजी) के निस्वार्थ समाजसेवी योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विशेष सहयोग,मार्गदर्शन और सतत प्रयासों ने इस अभियान को नई दिशा और गति प्रदान की है,जिसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं।
उन्होंने माननीय मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति समाज की ओर से हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका सहयोग पनिका समाज के सामाजिक उत्थान की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। साथ ही उन्होंने समाज के सभी सहयोगियों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक एकता ,सेवा,समर्पण और सहयोग की शक्ति ने ही इस स्वप्न को साकार करने का मार्ग प्रशस्त किया है।
श्री महंत ने कहा कि इस अवसर पर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। यह पहल समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बनेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित पनिका समाज सेवा समिति, रायगढ़ भविष्य में शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा प्रोत्साहन, प्रतियोगी परीक्षाओं के मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास, नशामुक्ति अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सहयोग तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर गति प्रदान करेगी।
श्री महंत ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब का संदेश प्रेम, समता, सेवा और मानवता का संदेश है। यदि समाज इन्हीं आदर्शों को आत्मसात कर संगठित भाव से आगे बढ़ेगा, तो निश्चित ही पनिका समाज सामाजिक,आर्थिक,शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित करेगा।
अंत में श्री गोपाल दास महंत ने समाज के सभी वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी ने इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त, संगठित और शिक्षित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाया इसके लिए आप सभी का सहृदय से बहुत धन्यवाद ।
EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button