Raigarh News

एनीमिया / रक्त अल्पता मुक्त अभियान के तहत डॉ निराला, पूर्व सीएमएचओ ने भटगांव में दी विशेष जानकारी

एनीमिया / रक्त अल्पता मुक्त अभियान – डॉ निराला, पूर्व सीएमएचओ

सारंगढ समाज में विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को रक्त अल्पता से मुक्त करने के लिए सतत अभियान जरूरी है। हमारे प्रदेश में मातृ मृत्यु दर (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) सर्वाधिक है। इनके प्रमुख कारणों में से एक *एनीमिया* है। जब तक हम इसके कारणों पर ध्यान नहीं देंगे, MMR और IMR कम नहीं होगा।

इसलिए गर्भवती माताओं और 6 माह से 19 वर्ष के बच्चों की विशेष जांच अभियान चलाकर एनीमिक को चिन्हांकित कर समुचित उपचार देना सबसे उपयोगी होगा। चाहे बच्चे आंगनवाड़ी में हों या शाला में, जांच और जागरूकता दोनों जरूरी हैं।

*1. खून क्या है?*
मानव शरीर में वजन का 7-8% खून होता है। इसमें 55% प्लाज्मा और 45% कणिकाएं (RBC, WBC, प्लेटलेट्स) होती हैं। हीमोग्लोबिन जितना ज्यादा, शरीर की कोशिकाओं तक उतनी ज्यादा ऑक्सीजन पहुंचती है, वही स्वस्थ होने की निशानी है।

*2. एनीमिया के लक्षण*
चक्कर आना, जल्दी थक जाना, चलने-दौड़ने से सांस फूलना, पढ़ने-लिखने में मन न लगना, भूख कम लगना, नींद न आना, चेहरा पीला पड़ना।

*3. जांच के तरीके और स्थिति*
जांच डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से बहुत सरल है।

NFHS-5 के अनुसार:
– 6 माह से 5 वर्ष में – *67.2%* बच्चे एनीमिक
– 6 से 10 वर्ष में – *50%* बच्चे एनीमिक
– 10 से 19 वर्ष किशोरियों में – *63.4%* एनीमिक
– गर्भवती माताओं में – *60%* एनीमिक

गत वर्ष सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के आश्रम/कन्या छात्रावास में जांच में 70% से ज्यादा लड़कियां एनीमिक मिलीं, जिनमें 4 लड़कियों का Hb 4 gm% से भी कम था, जिन्हें जिला अस्पताल से रक्त चढ़ाना पड़ा।

*4. दुष्परिणाम*
– IQ 5-10% तक कम हो जाता है
– सीखने-समझने की क्षमता कम
– शारीरिक और मानसिक विकास अवरुद्ध
– एकाग्रता में कमी और स्कूल में अनुपस्थिति बढ़ना

*5. बचाव ही सबसे बड़ा इलाज*

– व्यक्तिगत और घर की साफ-सफाई
– संतुलित आहार – तिरंगा भोजन ( प्रोटीन ,कार्बोहाइड्रेट ,वसा ,विटामिन ,सूक्ष्म लवण एवं पानी की पर्याप्त मात्रा हो )
– NDD (राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस) कार्यक्रम का 100% पालन
– 0 से 40 वर्ष तक सभी की *Sickling (सिकल सेल) जांच* – SS पाए जाने पर प्रोटोकॉल से नियमित उपचार
*IFA / WIFS जरूरी:*

– 6 माह से 5 वर्ष: IFA सिरप 1 ml, सप्ताह में 2 दिन – मंगलवार और शुक्रवार
– 6 से 10 वर्ष: गुलाबी WIFS गोली, हर मंगलवार मिड-डे मील के बाद
– 10 से 19 वर्ष किशोरियों को: नीली WIFS गोली, हर मंगलवार
– इसका रिकॉर्ड आंगनवाड़ी और शाला में ठीक से संधारित हो
*6. जागरूकता अभियान*
एनीमिया के बारे में एक बार नहीं, बार-बार बताना होगा। आंगनवाड़ी केंद्र और शालाएं इसके लिए सबसे बेहतरीन प्लेटफार्म हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और शिक्षक का आपसी समन्वय हो तो एनीमिया मुक्त भारत अभियान सफल होगा।
इसी कड़ी में गत दिवस पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एफ. आर. निराला द्वारा पेंड्रावन के एक निजी शाला में बालिकाओं को एनीमिया के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं, संकुल समन्वयक और श्री संजीव राजेत्री उपस्थित थे

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button