जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनी समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

रायगढ़। जिला कलेक्टोरेट में 2 नवंबर को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनदर्शन में पहुंचते हैं, इसलिए अधिकारी आवेदनों को गंभीरता से लें और संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण कर आवेदकों को राहत पहुंचाने पर जोर दिया।
जनदर्शन में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का लाभ दिलाने, स्वामित्व की भूमि का नक्शा बंटांकन, पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता और पंजीयन में खसरा संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा चिकित्सा प्रतिपूर्ति, राजस्व अभिलेखों और ऑनलाइन भुइयां पोर्टल में खसरा संकलन तथा रकबे की त्रुटियों में सुधार की मांग भी की गई।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रत्येक प्रकरण का निराकरण तय समय-सीमा में किया जाना चाहिए। जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
