सरकारी जमीन की भूमि का कर दिया सौदा ! देउरमाल की जमीन बिक्री पर उठे सवाल, कलेक्टर से जांच की मांग

रायगढ़। धर्मजयगढ़ विकासखंड के ग्राम देउरमाल में शासकीय पट्टा भूमि की कथित अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। मुख्य सड़क से लगी बहुमूल्य भूमि के सौदे को लेकर जिला कलेक्टर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई है, जिसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम देउरमाल स्थित खसरा नंबर 5ध्2 ख की शासकीय पट्टा भूमि, जिसका कुल रकबा 1.619 हेक्टेयर है और जिसमें से 1.461 हेक्टेयर भूमि का सौदा किया गया, उसे नियमों की अनदेखी करते हुए निजी व्यक्तियों के नाम हस्तांतरित कर दिया गया। आरोप है कि यह जमीन मुस्ताक खान और अविनाश कुमार क्षत्रिय को बेची गई, जबकि शासकीय पट्टा भूमि के हस्तांतरण के लिए सक्षम प्राधिकारी अर्थात कलेक्टर की पूर्व अनुमति आवश्यक होती है।
विवादित भूमि घरघोड़ा-छाल मुख्य मार्ग पर स्थित है, जिससे इसकी व्यावसायिक और आर्थिक महत्ता काफी अधिक मानी जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि इसी वजह से लंबे समय से इस जमीन पर भू-माफियाओं की नजर थी और नियमों को दरकिनार कर इसका सौदा कर दिया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भूमि से जुड़े कुछ वैध खातेदारों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं किए गए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आपसी मिलीभगत के जरिए आवश्यक प्रक्रियाओं की अनदेखी कर पूरी खरीद-बिक्री की गई, जिससे राजस्व रिकॉर्ड की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भूमि से जुड़े विवाद लगातार बढ़ रहे हैं और यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे मामलों को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दस्तावेजों की जांच करने तथा यदि अनियमितता साबित होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला शासकीय पट्टा भूमि के संरक्षण और राजस्व व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक जांच और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
