Raigarh News

सीएम के ‘सुशासन शिविर’ में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही

रायगढ़। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुसुमुरा में आयोजित प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘सुशासन धन्यवाद शिविर’ और भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की एक बड़ी और गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। हजारों की भीड़ वाले इस अति-महत्वपूर्ण (टटप्च्) आयोजन में आकस्मिक चिकित्सा और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाएं ही नदारद रहीं, जिसने मौके पर की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम पूरे शबाब पर था और हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान कार्यक्रम में शामिल होने आई ‘बिहान समूह’ की एक महिला दीदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ऐसी आपात स्थिति में जब तत्काल मेडिकल सहायता की दरकार थी, तब मौके पर स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम या फर्स्ट-एड की सुविधा मौजूद नहीं थी। हद तो तब हो गई जब बेसुध हो रही महिला को सुरक्षित स्थान तक ले जाने के लिए एक अदद स्ट्रेचर तक की व्यवस्था प्रशासन नहीं कर पाया था।
प्रशासनिक अमले की इस घोर लापरवाही और अफरा-तफरी के बीच मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तत्परता और मानवता का परिचय दिया। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल मोर्चा संभाला, महिला को भीड़ से निकालकर सुरक्षित जगह पर बैठाया, पानी उपलब्ध कराया और इलाज की फौरी व्यवस्था कर स्थिति को बिगडऩे से बचा लिया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का स्पष्ट कहना है कि यदि सही समय पर ये कार्यकर्ता आगे आकर मदद नहीं करते, तो कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते थे और कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।
इस घटना ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों में इस अव्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि जब सूबे के मुखिया (मुख्यमंत्री) के कार्यक्रम में आम जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर इतनी बड़ी कोताही बरती जा सकती है, तो यह बेहद शर्मनाक स्थिति है। यह सीधे तौर पर विभागीय अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाता है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button