Raigarh News

बाबा प्रियदर्शी राम बोले- नारी सम्मान के बिना अधूरी है देवी उपासना

अंबिकापुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मौन साधना के पश्चात पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी ने भगवती आराधना के आध्यात्मिक महत्व और उसके गूढ़ रहस्यों पर आशीर्वचन दिया। उन्होंने कहा कि संसार की समस्त स्त्रियां भगवती का स्वरूप हैं और नारी का सम्मान किए बिना देवी उपासना पूर्ण नहीं हो सकती। उन्होंने भक्तों से मंत्रों के अर्थ को समझकर उन्हें जीवन में उतारने और सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

बाबा प्रियदर्शी राम जी ने कहा कि 84 लाख योनियों में मनुष्य जीवन कर्म योनि है, जिसके माध्यम से मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। अन्य योनियों को उन्होंने भोग योनि बताते हुए कहा कि मनुष्य को मिला स्वस्थ शरीर, अच्छा परिवार और अनुकूल परिस्थितियां ईश्वर की कृपा हैं। इनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना, भजन करना और सेवा में लगे रहना भी आराधना का हिस्सा है।

भगवती की शक्ति का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि देवताओं ने असुरों से संकट के समय देवी की आराधना की थी। देवी ने विभिन्न रूप धारण कर असुरों का संहार किया और व्यवस्था को पुनः स्थापित किया। उपनिषद के दृष्टांत के माध्यम से उन्होंने बताया कि अग्नि और वायु जैसे देवता भी भगवती की शक्ति के बिना अपनी सामर्थ्य सिद्ध नहीं कर सके। उनके अनुसार, बिना शक्ति के आंख खोलना भी संभव नहीं है। इसलिए शक्ति का उपयोग कल्याण के लिए होना चाहिए, न कि दूसरों पर आधिपत्य जमाने के लिए।

बाबा जी ने सकाम और निष्काम उपासना का अंतर स्पष्ट करते हुए राजा सुरथ और वैश्य समाधि की कथा सुनाई। उन्होंने निष्काम उपासना को जीवन का सर्वोत्तम मार्ग बताया। साथ ही कहा कि ‘जयं देहि’ का अर्थ केवल बाहरी शत्रुओं पर विजय नहीं, बल्कि अपने भीतर के मोह और अहंकार पर नियंत्रण पाना है। आत्मज्ञान के बाद प्राप्त यश ही वास्तविक यश है, जब व्यक्ति स्वार्थ से ऊपर उठकर परमार्थ के लिए जीवन जीता है।

उन्होंने दुर्गा सप्तशती, सिद्ध कुंजिका, कवच और कीलक के महत्व का उल्लेख करते हुए साधकों को मंत्रों के गूढ़ अर्थ समझने की सलाह दी। बाबा जी ने कहा कि अज्ञान मनुष्य का सबसे बड़ा रोग है और भगवती की आराधना से जड़-चेतन की ग्रंथि टूट सकती है। उन्होंने साधकों से नियमित दिनचर्या अपनाने, सूर्योदय से पहले उठने तथा मन और इंद्रियों को नियंत्रित रखने का आग्रह किया। अंत में उन्होंने कहा कि देवी की उपासना का वास्तविक उद्देश्य आत्मज्ञान, सत्य, सेवा और सदाचार को जीवन में अपनाना है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button