जी-राम-जी योजना मनरेगा का उन्नत रूप: संजय भूषण पाण्डेय
जी-राम-जी योजना मनरेगा का उन्नत रूप: संजय भूषण पाण्डेय
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले के ग्राम पंचायत मल्दा (ब) में आज जी-राम-जी योजना के अंतर्गत चल रहे 30-40 मॉडल कार्य स्थल का निरीक्षण करने जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय पहुँचे। इस दौरान उन्होंने कार्य में लगे श्रमिकों से सीधे संवाद कर योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। श्री पाण्डेय ने कहा कि जी-राम-जी योजना, मनरेगा का उन्नत रूप है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना में मानक आवंटन के साथ राज्य का अतिरिक्त बोझ 60:40 के अनुपात में वहन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक विकास कार्य संभव हो सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना के अंतर्गत अधिसूचित अवधि में कार्य नहीं कराया जाता, जिससे श्रमिकों को मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षित व उपयुक्त समय पर काम मिल सके। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि जी-राम-जी योजना का मुख्य उद्देश्य जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर), आजीविका सृजन तथा आपदा प्रबंधन को मजबूत करना है। इससे न केवल ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा, बल्कि गांवों का सतत विकास भी सुनिश्चित होगा। कार्य स्थल पर मौजूद श्रमिकों ने योजना को लेकर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इससे उन्हें गांव में ही रोजगार मिल रहा है, जिससे पलायन पर भी रोक लगेगी। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर ग्राम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
