Raigarh News

मनरेगा पर हमला और धान खरीदी में देरी के खिलाफ सडक़ पर उतरी कांग्रेस

धरमजयगढ़ में कांग्रेस का चार घंटे का जोरदार धरना, किसानों-मजदूरों के हक में सांकेतिक चक्का जाम
रायगढ़। मनरेगा को बचाने और धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में आज धरमजयगढ़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग चार घंटे तक धरना देकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान सडक़ पर उतरकर बिना यातायात बाधित किए सांकेतिक चक्का जाम भी किया गया।
आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे धरना स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए विधायक लालजीत सिंह राठिया ने कहा कि कांग्रेस किसानों और श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने मनरेगा का नाम बदलने की कोशिश को गरीबों और मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने की सोची-समझी साजिश बताया। विधायक राठिया ने प्रदेश सरकार पर किसानों के उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आवाज को दबाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।
यह विरोध प्रदर्शन मनरेगा बचाओ अभियान के प्रभारी सत्यदेव गुप्ता एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ऋतुराज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। आंदोलन के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए मनरेगा को यथावत रखने और धान खरीदी की तिथि तत्काल बढ़ाने की मांग की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button