Raigarh News

मां बैगिन डोकरी मंदिर के पास गार्डन जीर्णोद्धार का भूमिपूजन

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र मां बैगिन डोकरी मंदिर परिसर के पास लंबे समय से प्रतीक्षित गार्डन जीर्णोद्धार कार्य की औपचारिक शुरुआत शनिवार को भूमिपूजन के साथ हो गई। इस अवसर पर रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। यह कार्य जिंदल फाउंडेशन एवं जेपीएल तमनार के सहयोग से कराया जा रहा है, जिसके तहत मंदिर परिसर के आसपास हरियाली, बैठने की व्यवस्था, पाथवे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस परिसर का कायाकल्प होने से न केवल धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों के लिए एक सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध होगा।
ज्ञात हो कि मां बैगन डोकरी मंदिर घरघोड़ा क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में गार्डन के जीर्णोद्धार को क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button