भवप्रीता गरबा उत्सव शुरू, माता की आराधना में झूमे सैकड़ों बच्चे

रायगढ़। भवप्रीता डांस एकेडमी एवं भवप्रीता कथक केंद्र के तत्वावधान में नौ दिवसीय भवप्रीता गरबा उत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को रामलीला मैदान में हुआ। 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में सैकड़ों बच्चे गरबा नृत्य के माध्यम से माता रानी की आराधना कर रहे हैं। कार्यक्रम में धार्मिक गीतों और छत्तीसगढ़ी भजनों की धुन पर गरबा प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
उत्सव का शुभारंभ दीपक पाण्डेय, संजय दुबे और गोतु बाजपेयी ने माता रानी की प्रथम आरती कर किया। आरती के दौरान परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में पहुंचे बच्चों ने गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी और सजावट से तैयार किया गया है, जिससे उत्सव का भक्तिमय माहौल और भी खास नजर आ रहा है।
इस आयोजन की विशेषता धार्मिक गीतों और छत्तीसगढ़ी भजनों पर गरबा करना है। इसके माध्यम से पारंपरिक नृत्य के साथ भक्ति और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चे अपनी नृत्य कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्सव में भाग ले रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, भवप्रीता गरबा उत्सव इस वर्ष सातवें साल में प्रवेश कर चुका है। पिछले छह वर्षों से दर्शकों और श्रद्धालुओं के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का संचालन आंजनेय पाण्डेय और अनंता पांडेय के मार्गदर्शन तथा दिव्या पाण्डेय और साकेत पाण्डेय के नेतृत्व में किया जा रहा है।
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस उत्सव में बच्चों की भागीदारी और भक्ति गीतों पर गरबा प्रस्तुतियां आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनी हुई हैं।
