ग्राम गीरसा में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ग्राम गीरसा में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत गीरसा में
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों को कचरे के उचित प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए हरे, नीले, पीले एवं लाल डस्टबिन का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा संस्कार है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा स्वच्छता को लेकर लगातार दिए जा रहे संदेशों ने देशभर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को व्यापक रूप दिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर से ही स्वच्छता की शुरुआत करे और कचरे को निर्धारित डिब्बों में अलग-अलग डालने की आदत विकसित करे।
उन्होंने कहा कि “न कचरा फैलाएंगे, न फैलाने देंगे—यही स्वच्छ और स्वस्थ गांव की पहचान होगी।”
श्री पांडेय ने जिला कलेक्टर आईएएस श्रीमती पद्मिनी भोई की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कलेक्टर मैडम जनसेवा की भावना के साथ लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल, विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवानी साहू, जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश जांगड़े एवं श्री भरत जटवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने तथा ग्राम गीरसा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
