Raigarh News

आस्था की आड़ में अभयारण्य पर कब्जा

सारंगढ़। प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए आरक्षित गोमर्डा अभयारण्य की जमीन पर ‘आस्था’ का चोला ओढक़र कब्जा करने की एक बड़ी साजिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया है। वन परिक्षेत्र बरमकेला (बटाऊपाली परिसर) के भीतर अवैध रूप से झोपड़ी और झाला बनाकर सरकारी जमीन को हथियाने की कोशिश कर रहे अतिक्रमणकारी पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से सारा तामझाम जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी चेतन वल्द बोधराम चौहान (निवासी खैरझिटी) ने गोमर्डा अभयारण्य के कक्ष क्रमांक 931 च्थ् में घुसपैठ की थी। आरोपी ने धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए जंगल के भीतर न केवल अवैध निर्माण किया, बल्कि वहाँ स्थायी रूप से बसने की तैयारी में था। 17 मार्च 2026 को वन विभाग की टीम ने दबिश देकर इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से बड़ी मात्रा में निर्माण और घरेलू उपयोग की सामग्री बरामद की है, जो इस बात का प्रमाण है कि कब्जा सुनियोजित था।
मौका स्थल पर बांस बल्ली 35 नग (खैर और बांस), टेबल और तखत, दैनिक सामान जैसे बाल्टी, आरी, कुर्सी और गाड़ी चक्का जब्त किया गया।
मौके पर मौजूद वन अमले ने बताया कि अभयारण्य की सुरक्षा और वन्यजीवों के आवास के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। अक्सर लोग धार्मिक प्रतीकों या ‘आस्था’ का सहारा लेकर जंगलों पर कब्जा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन विभाग अब ऐसी गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहा है। आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और जब्त सामान को सुरक्षित रख लिया गया है।
अभयारण्य के भीतर इस तरह की साहसी कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हडक़ंप मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा खींची गई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह वन विभाग के कर्मचारी चिलचिलाती धूप में जंगल को बचाने के लिए डटे हुए हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button