Raigarh News

केलो डेम लूटपाट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, आईफोन और बाइक जब्त

रायगढ़। केलो डेम के पास युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी रामकुमार मेहता (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन 12 और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) ने 12 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे लौटते समय तीन-चार युवक वहां पहुंचे और महिला मित्र के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसकी जेब से 1,500 रुपये और आईफोन 12 मिनी मोबाइल लूट लिया। साथ ही उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल भी लूट लिया। इसके बाद आरोपी बुलेट की चाबी फेंककर फरार हो गए।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीएसपी राहुल उईके और कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों तथा गवाहों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सोहेल अंसारी (23), निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ और रणवीर कुमार (22), मूल निवासी वैशाली, बिहार तथा वर्तमान निवासी उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों की संलिप्तता सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस के मुताबिक, तीसरा आरोपी रामकुमार मेहता गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसने अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड भी निकाल दिया था। इसी दौरान पुलिस को उसके कुरमापाली, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के उधमपुर का निवासी है और वर्तमान में कुरमापाली में रह रहा था।

पूछताछ में रामकुमार ने अपने साथियों सोहेल अंसारी, रणवीर कुमार और एक अन्य आरोपी के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से आईफोन 12 और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AX 1602 जब्त की है। युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल अब भी फरार आरोपी के पास होने की जानकारी मिली है। रामकुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button