सायकल मिलने से बिना किसी परेशानी के समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी बेटियां= संजय भूषण पाण्डेय
सायकल मिलने से बिना किसी परेशानी के समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी बेटियां= संजय भूषण पाण्डेय
==================
सारंगढ़= बेटियों के सपनों को साकार करने तथा आवागमन की सुविधा में होने वाली परेशानियों को दूर करने सरकार के बालिकाओं को निःशुल्क सायकल वितरण योजना के अंतर्गत आज बरमकेला विकास खण्ड के अंतर्गत शासकीय हाईयर सेकेंडरी विद्यालय लेंधरा में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में बेटियों को सायकल वितरित किया गया।दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्राओं की पढ़ाई को सुगम बनाने और स्कूलों में शत प्रतिशत उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से आज शासकीय हाइयर सेकेंडरी स्कूल लेंधरा में निःशुल्क सायकल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता,जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक,स्थानीय जिला पंचायत सदस्य डॉ श्रीमती अभिलाषा नायक, श्रीमती सहोदरा सिदार की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को सायकल वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि बेटियों के शिक्षित होने से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। आर्थिक संसाधनों से जूझते परिवारों के बालिकाओं के लिए यह योजना वरदान है।कई बार गांव से स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण विशेषकर बालिकाओं को पढ़ाई बीच छोडनी पड़ती थी। यह योजना न केवल उनके आवागमन की समस्या को दूर करेगी,अपितु उनमें आत्मविश्वास भरकर उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करेगी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक ने कहा कि सायकल मिलने से बेटियों की राह में अब दूरी नहीं बनेगी बाधा। उन्होंने संस्था प्रमुख से कहा कि सरकार की मंशानुरूप शिक्षा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। जिला पंचायत सदस्य डॉ श्रीमती अभिलाषा नायक,और श्रीमती सहोदरा सिदार ने भी बच्चों को सायकल वितरित करते हुए उनके बेहतर और उज्जवल भविष्य की कामना की। आज के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय,जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, जिला पंचायत सदस्य डॉ श्रीमती अभिलाषा नायक, श्रीमती सहोदरा सिदार,वरिष्ठ भाजपा और पूर्व मंडल अध्यक्ष चक्रधर पटेल,संस्था के प्राचार्य एवं शिक्षकगण,और भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
