Raigarh News

स्कूल परिसर से लगी सरकारी जमीन के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

सारंगढ़। बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत मडक़ड़ी में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन में राजस्व पखवाड़ा अंतर्गत क्लस्टर शिविर में प्रशासन ने ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। शिविर का संचालन एसडीएम प्रफुल रजक की उपस्थिति में किया गया, जिसमें राजस्व विभाग की पूरी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत मडक़ड़ी के सरपंच नंदू पटेल द्वारा स्कूल परिसर से लगी लगभग आधा एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने का आवेदन प्रस्तुत किया गया। ऐसे में त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम व तहसीलदार, नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पटवारी द्वारा नक्शा सत्यापन करते हुए मौके पट जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध कब्जा हटाया गया। सरकारी भूमि को बेजाकब्जा मुक्त किए जाने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस शिविर से कुल 22 गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी जमीन और राजस्व से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनका त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में 21 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें जाति सुधार, ऋण पुस्तिका गुम होना, बी-1 खसरा सुधार, आपसी बंटवारा, रिकॉर्ड संशोधन, फौती नामांतरण, रकबा त्रुटि सुधार और खाता विभाजन जैसे महत्वपूर्ण मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाया गया।
शिविर में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, आधार मोबाइल नंबर सीडिंग, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रिकॉर्ड दुरुस्ती सहित विभिन्न राजस्व सेवाओं का लाभ भी ग्रामीणों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर बिलाईगढ़ तहसीलदार कमलेश सिदार, नायब तहसीलदार देवराज सिदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई), 6 हल्का के पटवारी एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा इस तरह के शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों तक योजनाओं और सेवाओं को सीधे पहुंचाने की पहल को सराहा जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button