Raigarh News

सारंगढ़ के गढ़चौक में फ्लाई एश का चल रहा काला खेल!

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख क्षेत्र गढ़चौक के पास स्थित नान कार्यालय के बगल में भारी मात्रा में फ्लाई एश (राखड़) की कथित अवैध डंपिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना किसी प्रशासनिक अनुमति, एनओसी या टेंडर प्रक्रिया के शहर के बीचों-बीच राखड़ गिराई जा रही है, जिससे पर्यावरण और आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। इस मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं और इस अव्यवस्था ने स्थानीय लोगों को रोष में ला दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले के पीछे एक प्रभावशाली ट्रांसपोर्टर का नाम सामने आ रहा है। आरोप है कि परिवहन लागत बचाने और अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से नियमों को दरकिनार कर रात-दिन फ्लाई एश डंप की जा रही है। जबकि पर्यावरणीय नियमों के तहत फ्लाई एश के परिवहन और निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों एवं आवश्यक अनुमतियों का पालन करना अनिवार्य होता है।
गढ़चौक और नान कार्यालय के आसपास का इलाका शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। आसपास घनी आबादी, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं। ऐसे में खुले में फ्लाई एश डंप होने से हवा में उडऩे वाले सूक्ष्म धूल कण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की हवा चलते ही राखड़ उडक़र घरों, दुकानों और सडक़ से गुजरने वाले लोगों तक पहुंच रही है। इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढऩे की आशंका जताई जा रही है।
कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि शहर के बीचों-बीच इतनी बड़ी मात्रा में फ्लाई एश डंप किए जाने के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही अवैध डंपिंग हटाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
यह मामला अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। नागरिकों की मांग है कि जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभाग तत्काल स्थल का निरीक्षण कर मामले की निष्पक्ष जांच कराएं। यदि बिना अनुमति फ्लाई एश डंपिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए और शहर के बीचों-बीच फैले इस प्रदूषण स्रोत को तत्काल हटाया जाए।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button