भाजपा की विशाल पदयात्रा आज, ओपी चौधरी समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव’ अभियान के तहत 31 अक्टूबर को रायगढ़ में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी विशेष रूप से शामिल होंगे। पार्टी के अनुसार, पदयात्रा में जिलेभर से हजारों भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे पदयात्रा शुरू होगी। यात्रा सिंदूर पार्क से निकलकर सिल्वर पैलेस, मंदिर चौक, न्यू मार्केट, सुभाष चौक, हटरी चौक, हांडी चौक, घड़ी चौक, सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन, नटवर स्कूल और स्टेशन चौक होते हुए गांधी प्रतिमा चौक पहुंचेगी। यहां पदयात्रा का समापन होगा।
कार्यक्रम के संयोजक और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत सोमावार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की मर्यादा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि लोकतंत्र जनता के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का आधार है। उनके अनुसार, पदयात्रा संगठन की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनेगी।
जिला महामंत्री विकास केड़िया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर समन्वय किया जा रहा है। सभी मंडलों और मोर्चा-प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पदयात्रा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गभेल भी शामिल होंगे।
