spot_img

Latest Posts

बिप्र परिवार के 9 दिवसीय प्याऊ का हुआ समापन

रायगढ़। भीषण गर्मी और नवतपा की तपिश के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बिप्र परिवार द्वारा होटल श्रेष्ठ के पास संचालित 9 दिवसीय प्याऊ एवं शीतल पेय वितरण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। संस्था के अध्यक्ष सुरेश कुमार दुबे के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान ने नौ दिनों तक हजारों राहगीरों, श्रमिकों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को गर्मी से राहत प्रदान की।
नवतपा के दौरान लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बिप्र परिवार ने 27 मई से 4 जून तक विशेष शीतल पेय वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार के शीतल एवं स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन 27 मई को गुड़ एवं शीतल जल, 28 मई को आम पना, 29 मई को शीतल मधुर लस्सी, 30 मई को गुरुजी ठंडई, 31 मई को पुन: शीतल मधुर लस्सी, 1 जून को शुद्ध शीतल छांछ, 2 जून को शुद्ध शीतल नींबू-चीनी शरबत तथा 3 एवं 4 जून को गुड़ और शीतल जल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें बिप्र समाज के अनेक सदस्यों ने स्वयं उपस्थित होकर श्रमदान किया तथा राहगीरों को अपने हाथों से शीतल पेय वितरित किए। सेवा कार्य में भानु प्रताप मिश्र, अनुदीप मिश्रा, विनय मिश्रा, इंद्र कुमार मिश्रा, अवधमनी तिवारी, पिंटू दुबे, अनिल दुबे, रजत मिश्रा, लक्ष्मीकांत पाण्डेय, अजय तिवारी, जगदीश शरण द्विवेदी, अनुज शुक्ला, अजय कुमार तिवारी, चंद्रशेखर पाण्डेय, संतोष झा, गणेश द्विवेदी, संजय पाण्डेय, विनय दुबे, राजकुमार मिश्रा, मिथिलेश पाण्डेय, गिरी बाबा, बाबा शर्मा सहित अनेक विप्र बंधुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
समापन अवसर पर उपस्थितजनों ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे व्यक्ति को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया है। बिप्र परिवार ने इसी भावना को आत्मसात करते हुए पूरे नौ दिनों तक नि:स्वार्थ भाव से जनसेवा का कार्य किया। राहगीरों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss