किसानों की प्रमुख समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सारंगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के निराकरण की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने बुधवार को तहसील कार्यालय सारंगढ़ पहुंचकर तहसीलदार श्री सिन्हा को ज्ञापन सौंपा।
किसान संघ के पदाधिकारी किसान कृषि उपज मंडी परिसर से पैदल चलकर तहसील कार्यालय पहुंचे और किसानों की समस्याओं से संबंधित मांगों को ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखा। ज्ञापन में धान खरीदी, किसानों को मिलने वाले समर्थन मूल्य एवं प्रोत्साहन राशि, कृषि लागत में वृद्धि, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने सहित किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
किसान संघ ने ज्ञापन में गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित प्रस्ताव को लागू करने, धान खरीदी से संबंधित लंबित राशि का भुगतान करने, धान के समर्थन मूल्य के साथ किसानों को उचित प्रोत्साहन राशि दिलाने तथा धान खरीदी व्यवस्था को किसान हितैषी बनाने की मांग की। साथ ही एग्रीस्टैक में पंजीयन संबंधी किसानों की समस्याओं का समाधान, धान खरीदी के समय आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया को सरल करने तथा किसानों की अन्य व्यावहारिक परेशानियों का निराकरण करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में गन्ने के मूल्य में वृद्धि, सिंचाई सुविधा के विस्तार, विद्युत विभाग के निजीकरण पर रोक तथा किसानों के हितों से जुड़े अन्य विषयों को भी शामिल किया गया है। किसान संघ ने शासन-प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन सौंपने वालों में भारतीय किसान संघ जिला कार्यकारिणी एवं तहसील सारंगढ़ कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
किसान संघ पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण ही कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

