Raigarh News

इस वर्ष चक्रधर समारोह में छत्तीसगढ़ के कलाकारों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

रायगढ़ | रायगढ़ की समृद्ध कला परंपरा एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान दर्ज कराने जा रही है। 14 से 23 सितंबर 2026 तक रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह 2026 का आयोजन होगा। दस दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में शास्त्रीय नृत्य, लोक संगीत, पंडवानी, कथक, ओडिसी, कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, कथकली सहित देश की विभिन्न कला विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी। इस वर्ष समारोह में प्रस्तावित 42 प्रस्तुतियों में 24 प्रस्तुतियां रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के कलाकारों की रहेंगी। इससे प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।
पद्मश्री कलाकार बढ़ाएंगे समारोह की गरिमा
चक्रधर समारोह की सबसे बड़ी विशेषताओं में देश और छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित कलाकारों की भागीदारी रहेगी। रायगढ़ कथक घराने की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले पद्मश्री रामलाल बरेठ के निर्देशन में कथक की विशेष प्रस्तुति होगी।
इसके साथ ही पंडवानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली पद्मश्री डॉ. उषा बारले, सूफी एवं कबीर गायन के लिए प्रसिद्ध पद्मश्री भारती बंधु और छत्तीसगढ़ी लोक कला के लोकप्रिय कलाकार पद्मश्री अनुज शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
विशेष काव्य संध्या में पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा सहित देश के वरिष्ठ कवि शामिल होंगे। इससे समारोह में नृत्य और संगीत के साथ साहित्य का रंग भी देखने को मिलेगा।
रायगढ़ घराने की दिखेगी पहचान
चक्रधर समारोह का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष रायगढ़ की अपनी सांस्कृतिक विरासत है। आयोजन में स्थानीय कलाकारों को विशेष स्थान दिया गया है। समारोह की शुरुआत श्री वेदमणि महाराज के शिष्यों की पारंपरिक गणेश वंदना से प्रस्तावित है।
इसके बाद पद्मश्री रामलाल बरेठ के मार्गदर्शन में भूपेंद्र बरेठ एवं समूह कथक की प्रस्तुति देंगे। सुश्री विभूति शर्मा, वासंती वैष्णव एवं समूह तथा नृत्यांजलि द्वारा भी शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
रायगढ़ के कलाकारों की प्रस्तुतियों में कथक के साथ राकेश शर्मा का सूफी गायन और सोनू गुप्ता एवं ग्रुप की छत्तीसगढ़ी लोक संगीत प्रस्तुति भी शामिल होगी। इससे रायगढ़ की शास्त्रीय और लोक दोनों परंपराओं को मंच मिलेगा।
बस्तर से सरगुजा तक लोक संस्कृति
समारोह केवल रायगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों की विविधता भी मंच पर दिखाई देगी।
बस्तर अकैडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर (बादल) के कलाकार बस्तर की लोक और आदिवासी संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। गरियाबंद के भूपेंद्र साहू छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे, जबकि रायपुर की तरुणा साहू पंडवानी के माध्यम से प्रदेश की लोककथा परंपरा को सामने रखेंगी।
दुर्ग की पायल साहू, रायपुर के अनुराग शर्मा और बालोद के लहरगंगा पुनरिक साहू लोक संगीत की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं भिलाई के इंडियन आइडल फेम अमित साना का सुगम गायन भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
युवा कलाकारों को भी अवसर
समारोह में नई पीढ़ी के कलाकारों को मंच देने पर भी जोर दिया गया है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के विद्यार्थी सामूहिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
प्रो. डॉ. लवली शर्मा सितार वादन करेंगी। सारंगढ़ की दीक्षा रथ ओडिसी, बिलासपुर की श्वेता नायक कुचिपुड़ी तथा रायपुर की अनुष्का सुल्तानिया और बिलासपुर के शिव शक्ति कला संस्थान द्वारा कथक की प्रस्तुति प्रस्तावित है।
इस तरह समारोह में स्थापित कलाकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
देशभर की कला विधाओं का संगम
चक्रधर समारोह में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के कई राज्यों की कला परंपराएं भी शामिल होंगी। केरल के गुरु कोट्टक्कल नंदकुमारन नायर कथकली प्रस्तुत करेंगे, जबकि मणिपुर की डॉ. मंजू इलंगबम मणिपुरी नृत्य की प्रस्तुति देंगी।
दिल्ली की टी. लक्ष्मी रेड्डी कुचिपुड़ी और चेन्नई की श्रीविद्या शैलेश तथा बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश भरतनाट्यम प्रस्तुत करेंगी। ओडिशा और दिल्ली से आने वाले कलाकार ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा भुवनेश्वर के कलाकार गोटीपुआ, राजस्थान के बाड़मेर की स्टार्क सोसाइटी राजस्थानी लोक संगीत और संस्कार कला संघ जबलपुर नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेगा।
संगीत और वादन का भी आकर्षण
समारोह में केवल नृत्य ही नहीं, बल्कि वादन और संगीत की विविध विधाओं का भी संगम देखने मिलेगा। दिल्ली के निशित गंगानी तबला वादन प्रस्तुत करेंगे।
वृंदावन का माधवरस बैंड और बनारस का त्रिवेणी संगम संतूर, पखावज और तबले के संगम की प्रस्तुति देंगे। अलग-अलग क्षेत्रों की वादन शैलियों का यह मेल समारोह को और विशिष्ट बनाएगा।
दस दिनों तक कला का उत्सव
14 से 23 सितंबर तक चलने वाला चक्रधर समारोह 2026 रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने का अवसर बनेगा। प्रस्तावित 42 प्रस्तुतियों में लगभग 24 प्रस्तुतियां छत्तीसगढ़ के कलाकारों की होना इस आयोजन में स्थानीय प्रतिभाओं को दिए जा रहे महत्व को दर्शाता है।
EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button