spot_img

Latest Posts

अभिशप्त पचधारी डेम में फिर हादसा, नहाने गए युवक की डेम में डूबने से मौत

रायगढ़। शहर से लगे पंचधारी डैम में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे एक युवक की डैम के गेट में फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच पांच युवक पंचधारी डैम में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अजय सिदार (25 वर्ष), पिता रूपेंद्र सिदार, निवासी ग्राम रियापाली थाना पुसौर, चेक डैम के दूसरे गेट के पास नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव और गहराई के चलते वह डैम के गेट में फंस गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने अजय को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया।
काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया। वहीं ग्राम रियापाली में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग डैम, नदी और तालाबों में नहाने पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित हो रही है। प्रशासन ने लोगों से गहरे पानी और डैम के गेट के आसपास न जाने की अपील की है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss