Breaking News

फेसबुक से दोस्ती गांठ कर वीडियो वायरल करने की धमकी

विवाहिता ने लगाया 35 लाख की अवैध वसूली का आरोप, दुष्कर्म व एक्सटॉर्शन के आरोपी को महिला थाना ने गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़। महिला थाना रायगढ़ में कल कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला द्वारा अनिल ईजारदार के विरुद्ध दुष्कर्म, जबरन वसूली तथा डराने-धमकाने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए महिला थाना की टीम ने कल रात ही आरोपी को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम बंजारी दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को दुष्कर्म एवं जबरन वसूली के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह आरोपी अनिल ईजारदार को हाईस्कूल की पढ़ाई के समय से जानती थी और उस दौरान दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी। वर्ष 2013 में उसकी शादी सामाजिक रीति-रिवाज से अन्य व्यक्ति के साथ हो गई। वर्ष 2019 में आरोपी द्वारा फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे जाने के बाद दोनों पुन: संपर्क में आए और मोबाइल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत होने लगी।
पीडि़ता के अनुसार, 25 दिसंबर 2020 को वह चंद्रपुर बस स्टैंड में अपने ससुराल जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी अनिल ईजारदार वहां पहुंचा और उसे वाहन से छोडऩे की बात कहकर अपनी सफेद रंग की कार में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपी उसे गांव के पास खेत की ओर ले गया, जहां कार के भीतर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया तथा चोरी-छिपे उसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और उसके पति तथा परिवारजनों को सामग्री भेजने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग करता रहा।
प्रार्थिया ने बताया कि सामाजिक बदनामी के भय से वह आरोपी के दबाव में रही और आरोपी द्वारा लगातार धमकी देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाते रहे। 25 दिसंबर 2020 से 24 मई तक आरोपी ने भय एवं दबाव का वातावरण बनाकर उसका शारीरिक शोषण किया। पीडि़ता ने यह भी बताया कि इस दौरान आरोपी ने उससे किस्तों में जेवरात एवं नगद रकम मिलाकर लगभग 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की तथा लगातार और पैसों की मांग करता रहा।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(उ), 351(3) एवं 308(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी की प्रताडऩा से पीडि़ता मानसिक रूप से इतनी परेशान हो चुकी थी कि उसने आत्महत्या तक करने का विचार बना ली थी।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश प्रारंभ की और उसके सकूनत ग्राम बंजारी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दबिश देकर आरोपी अनिल ईजारदार पिता रविलाल ईजारदार, उम्र 32 वर्ष को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार एवं आईक्यू कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button