स्कूटी से गांजा तस्करी करते पकड़ाया, 18 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार दूसरे दिन रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पिछले दिनों पुसौर क्षेत्र अंतर्गत गांजे की खेप पकड़ी गई थी। कल थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से रायगढ़ गांजा की खेप लेकर आ रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा की ओर से एक नीले रंग की स्कूटी में तीन व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना साइबर प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर की पुलिस टीम द्वारा ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की गई। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक नीले रंग की स्कूटी आती दिखाई दी, जिसे रोककर तीनों संदेहियों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने नाम विजय एक्का, हेमसागर यादव एवं परमेश्वर यादव बताए।
विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी हेमसागर यादव के कब्जे में रखे दो बोरों से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। गवाहों की उपस्थिति में बरामदगी पंचनामा तैयार कर मादक पदार्थ का वजन कराया गया, जिसमें दो बोरी में कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,81,000 आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में बिक्री करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान गांजा के अलावा आरोपी हेमसागर यादव के कब्जे से मोबाइल फोन तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2,11,000 है।
आरोपियों विजय एक्का पिता स्व. बेहानू एक्का उम्र 34 वर्ष निवासी नारायणपुर मुड़ापारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़, हेमसागर यादव पिता उदयराम यादव उम्र 43 वर्ष निवासी नारायणपुर मुड़ापारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ तथा परमेश्वर यादव पिता स्व. महेश्वर यादव उम्र 45 वर्ष निवासी फरसाटोली थाना बागबहार जिला जशपुर के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है।
