Raigarh News

रायगढ़ में हाथी के शावक का शव मिलने से हलचल, वन विभाग पहचान में जुटा

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में मंगलवार सुबह खेत में हाथी के एक शावक का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। शव सारसमार गांव के तीहीली खार स्थित खेत में मिला है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि मृत शावक वही है या नहीं, जिसे रविवार रात 40 हाथियों के दल से बिछड़ने के बाद रेस्क्यू कर उसके दल से मिलाया गया था। फिलहाल शावक की पहचान और मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात छाल रेंज के रिलो गांव में 40 हाथियों का दल खेतों की ओर पहुंचा था। इसी दौरान एक नन्हा शावक अपने दल से बिछड़कर खेत में रह गया। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। रातभर निगरानी के बावजूद हाथियों का दल शावक को लेने नहीं पहुंचा। इसके बाद वन अमला उसे रेंज कार्यालय ले आया।

रेंज कार्यालय में शावक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे पर्याप्त मात्रा में दूध और नारियल पानी दिया गया। वन विभाग ने हाथियों के दल का पता लगाने के लिए थर्मल ड्रोन की मदद ली। काफी प्रयासों के बाद दल की लोकेशन मिलने पर रात करीब एक बजे शावक को हाथियों के समूह से कुछ दूरी पर सुरक्षित छोड़ा गया। वन अमला उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। कुछ समय बाद हाथियों का दल उस स्थान पर पहुंचा, जहां शावक को छोड़ा गया था। इस दौरान हाथियों के चिंघाड़ने की आवाजें भी सुनाई दीं। वन विभाग के मुताबिक, शावक को उसके दल से मिला दिया गया था और वह समूह के साथ आगे बढ़ गया था।

मंगलवार सुबह इसी घटना के बाद सारसमार गांव के तीहीली खार स्थित खेत में एक शावक का शव मिला। शव खेत में पानी और कीचड़ के बीच होने के कारण उसे बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। शव मिलने की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि मृत शावक रविवार रात रेस्क्यू किया गया वही शावक हो सकता है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

धरमजयगढ़ के डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने बताया कि रविवार को सुबह से देर रात तक प्रयास कर शावक को उसके दल से मिलाया गया था। मंगलवार सुबह खेत में एक शावक का शव मिला है, जिसे बाहर निकलवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहचान के लिए रविवार को बनाए गए वीडियो देखे जाएंगे और डॉक्टर से परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि मृत शावक वही है या कोई दूसरा। शावक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल वन विभाग पहचान और आगे की आवश्यक प्रक्रिया में जुटा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button