Raigarh News

राज्योत्सव में बाबूलाल अग्रवाल सम्मानित, अमित शाह ने दी बधाई और शुभकामनाएं

रायगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी बाबूलाल अग्रवाल को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में महाराजा अग्रसेन पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित इस समारोह में उन्हें दो लाख रुपये की नगद राशि, प्रतीक चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के हाथों प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बाबूलाल अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

सम्मान की घोषणा के दौरान समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट और महाराजा अग्रसेन के जयघोष से गूंज उठा। आयोजकों के अनुसार, समारोह में करीब 40 हजार लोग उपस्थित रहे। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम के साक्षी बने रहे। इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने उपस्थित लोगों का आभार जताते हुए कहा कि बरसते पानी में भी लोगों ने राज्योत्सव का मान बढ़ाया, जो प्रशंसा के योग्य है।

अमित शाह से मुलाकात के दौरान बाबूलाल अग्रवाल ने उन्हें बताया कि वे पहले भी उनसे मिल चुके हैं। इस पर अमित शाह मुस्कुराए और उन्हें पहचान लिया। बाबूलाल अग्रवाल अपनी विशिष्ट गांधी टोपी के कारण भी परिचित पहचान रखते हैं।

समारोह में बाबूलाल अग्रवाल के साथ रायगढ़ और अन्य क्षेत्रों से आए उनके कई साथी मौजूद रहे। इनमें सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गोविंद मिश्रा, दैनिक इस्पात टाइम्स के प्रधान संपादक नवनीत जगतरामका, प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की रायगढ़ इकाई के अध्यक्ष हीरा मोटवानी, पवन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, मनोज मिरानिया, सुभाष अग्रवाल, पंकज गोयल, अमित मोदी, आनंद बेरीवाल, रवि सिंह, सौरभ अग्रवाल, श्रवण बेरीवाल और पूर्व पार्षद महेश कंकरवाल शामिल रहे। बाबूलाल अग्रवाल के प्रोटोकॉल अधिकारी एवं रायगढ़ के नायब तहसीलदार हरनन्दन बंजारे भी उनके साथ उपस्थित थे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़वासियों को बधाई दी और समारोह में पहुंचे सभी साथियों को अपने निवास पर भोजन के लिए आमंत्रित किया। वहीं, बाबूलाल अग्रवाल ने सम्मान के लिए राज्य शासन, ज्यूरी के सभी सात सदस्यों, रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसडीएम महेश शर्मा, मीडिया, साथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने इस अवसर पर अपने सेवा संकल्प को दोहराया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button