लाखा-चिराईपानी के महालक्ष्मी कास्टिंग्स में हादसा, 35 फीट ऊंचाई से गिरने से यूपी के कामगार की मौत

रायगढ़। जिले के चिराईपानी के महालक्ष्मी कास्टिंग में हुए एक दर्दनाक हादसे में एक गरीब परिवार के मुखिया की जान ले ली। दरअसल, महालक्ष्मी कास्टिंग के शीट में चढक़र फेब्रिकेशन काम करने के दौरान करीब 35 फीट की ऊंचाई से एक कामगार ऐसे गिरा कि उसकी जिंदगी ही खत्म हो गई। भले ही यह घटना कल हुई, मगर आज पुलिस को भनक लगते ही इसकी जांच शुरू हो गई है।
जिला मुख्यालय से 13 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत लाखा के आश्रित ग्राम चिराईपानी में महालक्ष्मी कास्टिंग्स प्रायवेट लिमिटेड में बीते बुधवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे एक ऐसी घटना घटी, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को निगल लिया। मूलत: उत्तरप्रदेश के बागपत जिले का उत्तरा निवासी मीर हसन वल्द समीदीन (50 वर्ष) महालक्ष्मी कास्टिंग्स परिसर के लेबर क्वाटर में रहते हुए कंपनी में ही किसी शाहिद ठेकेदार के मातहत काम करता था।
विगत 15 अप्रैल के पूर्वान्ह साढ़े 10 बजे महालक्ष्मी कास्टिंग्स परिसर स्थित करीबन 35 फीट ऊपर शीट में चढक़र मीर हसन फेब्रिकेशन संबंधी कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक उसका शारीरिक संतुलन बिगड़ गया। मीर हसन अपने आपको सम्हाल पाता इसके पहले ही वह ऊंचाई से इस कदर नीचे गिरा कि उसकी चीख चीत्कार को सुनकर आसपास काम कर रहे लोगों की रूह तक कांप उठी। इस हौलनाक हादसे को देखते ही बदहवास कामगारों ने इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन को दी तो आनन-फानन में उसे रायगढ़ के आरएल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया।
डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने प्राथमिक जांच में पाया कि मीर हसन के सिर, हाथ-पांव के अलावे शरीर के अन्य हिस्से चोटिल थे, लिहाजा सघन उपचार शुरू हुआ। बावजूद इसके चंद घंटे तक जिंदगी और मृत्यु के बीच सांसें लेने वाले मीर हसन ने शाम 4 बजे दम तोड़ दिया। वहीं, यूपी के मीर हसन के शव को जब जिला चिकित्सालय लाया गया, तब कहीं जाकर गुरुवार को मामले का खुलासा होते ही मीडिया ने घटना की जानकारियां बटोरी।
महालक्ष्मी कास्टिंग में बुधवार को हादसा हुआ, मगर किसी को कानों कान खबर तक नहीं लगने दिया गया। वहीं, जब मीर हसन की मौत हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएच लाया गया, तो कई सवाल भी उठने लगे। आशंका है कि महालक्ष्मी कास्टिंग्स में अगर सुरक्षा व्यवस्था की कमी से मीर हसन को काल कलवित हुआ। अगर फेब्रिकेशन कार्य के दौरान सचमुच में उसे हेलमेट और सुरक्षा के अन्य संसाधन उपलब्ध करवाते तो शायद मीर हसन की जान बच सकती थी। बहरहाल, पोस्टमार्टम की कार्रवाई करते हुए पुलिस अब दुर्घटना की असलियत जानने में जुटी है।
