यातायात सेल द्वारा निजी विद्यालयों के वा
हनों की जांच के लिए विशेष और सघन अभियान के तहत, नियमों की अनदेखी करने पर कुल 11 प्रकरण दर्ज कर कुल ₹5,500 का चालान काटा गया*
▶️ *स्कूली वाहनों में केवल निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाएं और शासन द्वारा तय मानकों का अनुपालन करें: जितेंद्र कुमार चंद्रा*
▶️ *अभियान के तहत के.पी. हायर सेकेंडरी स्कूल बांधापाली, न्यू इंडिया पब्लिक स्कूल माधोपाली, भारतमाता स्कूल सालर समेत विभिन्न निजी विद्यालयों की जांच की गई।*
जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात सेल द्वारा निजी विद्यालयों के वाहनों की जांच के लिए एक विशेष और सघन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेंद्र पटेल के कुशल निर्देशन में इस औचक कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
इस विशेष अभियान के तहत के.पी. हायर सेकेंडरी स्कूल बांधापाली, न्यू इंडिया पब्लिक स्कूल माधोपाली, भारतमाता स्कूल सालर समेत विभिन्न निजी विद्यालयों की दर्जनों स्कूल बसों और वैन की तकनीकी और कागजी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसमें बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर निर्धारित क्षमता से अधिक स्कूली छात्रों को बैठाया जाना पाया गया। इसके अलावा, कई वाहन शासन द्वारा तय सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भी नहीं पाए गए।
नियमों की इस अनदेखी पर यातायात पुलिस ने त्वरित और सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। मोटरयान अधिनियम की धारा 179(1) (आदेशों की अवहेलना) के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए और कुल ₹5,500 का चालान काटा गया।
कार्रवाई के बाद यातायात सेल के प्रमुख श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा ने सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधनों और बस संचालकों को स्पष्ट और कड़ी चेतावनी दी है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे भविष्य में वाहनों में केवल निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाएं और शासन द्वारा तय किए गए तमाम सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
यातायात विभाग के अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि मासूम बच्चों की जान और सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रशिक्षु सूबेदार कमलनारायण साहू, प्रधान आरक्षक मुकेश सहित पूरी यातायात टीम पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रही।

