Raigarh News

24 टन अवैध कबाड़ से लदा 14 चक्का ट्रक पकड़ा, 17.55 लाख का माल और वाहन जब्त

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 टन स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक में लोड विभिन्न प्रकार के टिन एवं लोहे के टुकड़े स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 7.55 लाख, तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक कीमती 10 लाख, कुल 17.55 लाख की संपत्ति जब्त की है।
8 अगस्त शनिवार को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ की ओर से एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा पिता स्व. प्रभुलाल मीणा, उम्र 46 वर्ष, निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा (राजस्थान) बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन एवं लोहे के टुकड़े स्क्रैप लोड मिला। कबाड़ के संबंध में चालक से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने उक्त कबाड़ ओडिशा से लोड कर पूंजीपथरा प्लांट में खपाने के लिए लाना बताया।
पुलिस ने ट्रक में लोड करीब 24 टन कबाड़, कीमत 7,55,000 तथा परिवहन में प्रयुक्त 14 चक्का ट्रक कीमत 10,00,000, कुल 17,55,000 की संपत्ति जब्त कर आरोपी नेमीचंद मीणा के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) ठछैै एवं 303(2) ठछै के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button