जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं

रायगढ़। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में रायगढ़ निवासी अशोक अग्रवाल ने कोतरा रोड स्थित अटल आवास की खराब लिफ्ट की मरम्मत कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अटल आवास में लगी लिफ्ट पिछले करीब छह से सात माह से खराब है। इसके कारण वहां रहने वाले लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को कई मंजिल तक सीढ़ियों से आना-जाना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से लिफ्ट की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
इसी प्रकार ग्राम लिबरा के ग्रामीणों ने अपने रहवासी क्षेत्र को आबादी क्षेत्र घोषित कर आबादी पट्टा प्रदान करने की मांग को लेकर आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत लिबरा के कुधरीपारा मोहल्ले में वे और उनके पूर्वज पिछले 60 से 70 वर्षों से निवास करते आ रहे हैं। इसके बावजूद अब तक उनके रहवासी क्षेत्र को आबादी क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से आवश्यक कार्रवाई करते हुए आबादी पट्टा दिलाने का अनुरोध किया।
ग्राम पंचायत जकेला के सरपंच ने प्राथमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति को लेकर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन की छत सहित भवन का बड़ा हिस्सा जर्जर हो चुका है। भवन की स्थिति के कारण बच्चों के अध्ययन-अध्यापन में परेशानी हो रही है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्कूल भवन की मरम्मत अथवा आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत बर्रा की गीता महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी आवेदन प्रस्तुत किया। समूह की महिलाओं ने रेडी टू ईट फूड निर्माण का कार्य पुनः प्रदान किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि समूह द्वारा वर्ष 2022 से लगातार रेडी टू ईट का कार्य किया जा रहा था, लेकिन वर्तमान में उनसे यह कार्य ले लिया गया है। महिलाओं ने समूह को दोबारा यह कार्य प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इसके अलावा जनदर्शन में जिले के विभिन्न इलाकों से लोग अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। आवेदकों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जनदर्शन में पहुंचे सभी आवेदकों की समस्याओं और मांगों को सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण करने और प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
