Raigarh News

बस स्टैंड व स्टेशन में पूरे दिन छठ व्रतियों की लगी रही भीड़

रायगढ़। शनिवार से छठ महापर्व शुरू होने के कारण दूर-दराज के लोग तो पहले से ही रवाना हो चुके हैं, लेकिन नजदीक के ज्यादातर यात्री शनिवार को निकले हैं, इसके चलते आज पूरे दिन रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड में लोगों की भीड़ देखी गई।
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व शनिवार से शुरू हो गया, इसके चलते शहर के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर दिनभर यात्रियों की भीड़ लगी रही। पर्व के मद्देनजर दूर-दराज के यात्रियों ने सप्ताहभर पहले से ही अपने गंतव्य के लिए यात्रा शुरू कर दी थी। हालांकि, आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्री शनिवार को रवाना हुए, जिसके कारण परिवहन के दोनों प्रमुख केंद्रों पर लोगों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। शहर के केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से चलने वाली सभी बसें यात्रियों से खचाखच भरी हुई रवाना हुईं। बसों में यात्रियों की संख्या इतनी अधिक थी कि कई लोगों को खड़े होकर यात्रा करने पर विवश होना पड़ा। यही स्थिति रेलवे स्टेशन पर भी थी, जहां लोकल ट्रेनों में पैर रखने की भी जगह नहीं थी। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी और धक्का-मुक्की का सामना भी करना पड़ा। ट्रेनों की लगातार लेट-लतीफी के कारण भी बड़ी संख्या में यात्रियों ने बस से यात्रा करने को प्राथमिकता दी। यात्रियों का मानना था कि ट्रेन के भरोसे रहकर देरी से पहुंचने की बजाय बस से समय पर गंतव्य तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक है, भले ही इसके लिए थोड़ी भीड़ का सामना करना पड़े। छठ महापर्व के दौरान यह भीड़भाड़ आगामी दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक निवासों को लौट रहे हैं।
इस संबंध में केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड पहुंची महिला सुधा देवी, निशा और रेलवे स्टेशन पहुंची रिंकी सिंह ने बताया कि वैसे तो छठ महापर्व की शुरूआत शुक्रवार के खाए नहाए से शुरू हो गया है, लेकिन उनके परिजनों को प्रायवेट नौकरी के कारण वे शनिवार को घर जाने के लिए निकली है। साथ ही उनका कहना था कि चार से छह घंटा में घर पहुंच जाएगी, इस कारण यहीं पर नहाए खाए करने के कारण खरना उपवास में ही सफर कर रही है, ताकि दोपहर चार बजे तक घर पहुंचते ही अपने घरों में खरना पूजा करेंगी। इसके चलते ट्रेन व बस में अधिक भीड़ होने के बाद भी किसी तरह सफर कर घर पहुंचेगी।
वहीं रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार को साउथ बिहार एक्सप्रेस व टाटा इतवारी का परिचालन रद्द था, साथ ही और उत्कल व अन्य ट्रेने लेट होने के कारण नहीं जा पाए, ऐसे में शनिवार को सुबह से ही स्टेशन पहुंच गए थे, ताकि जो भी ट्रेन आए उससे रवाना हो सके। इस दौरान ट्रेनों में लोकल यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण ट्रेन में धक्का-मुक्की कर चढना पड़ा। ऐसे में अगर रेलवे विभाग द्वारा लोकल स्तर पर अगर स्पेशल ट्रेन चलाया जाता तो छोटे स्टेशन के यात्रियों को भी काफी राहत होती।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button