Raigarh News

ओपी चौधरी का राहुल गांधी पर हमला, रामलीला मैदान के कार्यक्रम को बताया अराजकता की साजिश

रायगढ़। रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कार्यक्रम को लोकतंत्र के सम्मान के बजाय देश में अराजकता फैलाने की साजिश करार दिया। चौधरी ने आरोप लगाया कि जनता द्वारा बार-बार नकारे गए नेता लोकतंत्र के नाम पर राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं, जिसे देश की जनता समझ चुकी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि रामलीला मैदान में हो रही गतिविधियों का उद्देश्य सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कना, दिल्ली में दंगे और अराजकता फैलाना तथा चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को हटाने की साजिश करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहारों के मौसम में दिल्ली के दुकानदारों और व्यापारियों की कमाई को नुकसान पहुंचाने और देश की छवि खराब करने की मंशा भी इस कार्यक्रम के पीछे है।

ओपी चौधरी ने राहुल गांधी को चेतावनी देते हुए कहा, “राहुल गांधी, कान खोलकर सुन लीजिए, यह भारत है, कोई बनाना रिपब्लिक नहीं, जहां जब चाहे दंगे और आगजनी कराकर ‘रिजीम चेंज’ का एजेंडा चला दें। यह सपना देखना बंद कर दीजिए।” उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे पुराना और सबसे मजबूत लोकतंत्र है।

वित्त मंत्री ने 1 नवंबर की तारीख का उल्लेख करते हुए इसे भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे बदनुमा और काला धब्बा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दिन कांग्रेस के गुंडों ने सिख समुदाय के लोगों का कत्लेआम किया था। चौधरी ने कहा कि उस घटना में हजारों सिख परिवार बेघर हो गए और हजारों महिलाएं विधवा हुईं। उन्होंने कहा कि देश उन घटनाओं को भूला नहीं है।

ओपी चौधरी के इन बयानों के जरिए रामलीला मैदान में कांग्रेस के कार्यक्रम और राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधा गया। उनके आरोपों में दिल्ली में संभावित अराजकता, व्यापारियों को नुकसान और देश की छवि प्रभावित होने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button