खरसिया में आकाश झूले से गिरकर युवक की मौत, दशहरे पर मीना बाजार में हादसा

रायगढ़। जिले के खरसिया में दशहरे के दिन मीना बाजार में आकाश झूले से गिरने के कारण 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पठानपारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नकुल निषाद मंगलवार को दशहरे के अवसर पर खरसिया नगर पालिका परिषद के मैदान में लगे मीना बाजार घूमने गया था। शाम के समय वह आकाश झूले में बैठा था। इसी दौरान वह अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद युवक बेहोश हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद युवक के शराब के नशे में होने की चर्चा सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि संतुलन बिगड़ने के कारण वह झूले से गिरा होगा। हालांकि, युवक के नशे में होने और हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद मीना बाजार में झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और युवक झूले से कैसे गिरा, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आ सकेगी।
