Raigarh News

चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में आरोपी गिरफ्तार, बिहार से रायगढ़ लाई पुलिस

रायगढ़। बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री ऑनलाइन देखने और अपलोड करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से Vivo मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री देखने, अपलोड करने या साझा करने के मामलों की साइबर निगरानी की जाती है। इसी दौरान पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर की साइबर टिपलाइन से रायगढ़ एसपी कार्यालय को एक सूचना मिली थी। इसके बाद मामले की जांच पुसौर पुलिस को सौंपी गई।

जांच में सामने आया कि 25 मार्च 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC इलाके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा और अपलोड किया गया था। सामग्री की जांच के बाद उसे बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री की श्रेणी में पाए जाने पर पुसौर थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

तकनीकी जांच के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर और अन्य जानकारियों के आधार पर उसकी लोकेशन बिहार के मुजफ्फरपुर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर से 38 वर्षीय मोहम्मद जुबैर आलम को हिरासत में लिया। पुलिस उसे रायगढ़ लेकर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले वर्ष पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC में ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। उसके कब्जे से Vivo मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक एवं अश्लील सामग्री को ऑनलाइन प्रसारित करना गंभीर साइबर अपराध है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button